
नईदुनिया न्यूज, नौगांव। तेज और कर्कश आवाज करने वाली मोटरसाइकिलों के खिलाफ नौगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिलों के चालान काटे और उनके मॉडिफाइड साइलेंसर हटवाकर जब्त कर लिए। पुलिस ने यह कार्रवाई ‘शोर-नो मोर’ अभियान के तहत की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक संजय राय, लुगासी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद रोहित और पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान तीनों मोटरसाइकिलों में निर्धारित मानकों के विपरीत साइलेंसर लगे पाए। जांच में सामने आया कि बाइकों में कंपनी के साइलेंसर की जगह तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे। इस पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ सड़क पर दूसरे वाहन चालकों का ध्यान भटका सकती है, जिससे दुर्घटना का खतरा रहता है। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसर इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें- MP के यात्रियों को राहत, 1 नवंबर से चलेगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन, इटारसी-कटनी-सतना समेत इन स्टेशनों पर होगा स्टॉप