ग्वालियर की सड़कों पर उतरी कोर्ट... अफसरों से नेताओं तक के कटे चालान! 3 घंटे चली स्पेशल चेकिंग
शहर के गोविंदपुरी और केआरजी तिराहे पर जैसे ही सड़क पर कोर्ट लगी तो यातायात नियमों को तोड़ने वालों के पसीने छूट गए। मजिस्ट्रेट चेकिंग में न तो कोई सिफा...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 30 Jul 2026 02:09:52 PM (IST)Updated Date: Thu, 30 Jul 2026 02:09:52 PM (IST)
ग्वालियर की सड़कों पर उतरी कोर्टHighLights
- ग्वालियर की सड़कों पर लगी कोर्ट, 8 मजिस्ट्रेटों ने काटे चालान
- CMHO, जनपद CEO समेत कई दिग्गजों के गाड़ियों से उतरे हूटर
- 3 घंटे चली स्पेशल चेकिंग, नियम तोड़ने पर 69 वाहनों पर लगा जुर्माना
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। यातायात नियमों को ताक पर रखकर शहर की सड़कों पर चलने वालों को सबक सिखाने खुद मजिस्ट्रेट सड़कों पर उतरे। शहर के गोविंदपुरी और केआरजी तिराहे पर जैसे ही सड़क पर कोर्ट लगी तो यातायात नियमों को तोड़ने वालों के पसीने छूट गए। मजिस्ट्रेट चेकिंग में न तो कोई सिफारिश काम आई, न रसूख और न पद। करीब तीन घंटे तक यहां चेकिंग चली। जिसमें सीएमएचओ, जनपद सीईओ तक के चालान गाड़ी पर बगैर पात्रता के हूटर लगाने पर काटे गए।
शाम करीब 6 बजे से रात नौ बजे तक आठ मजिस्ट्रेट ट्रैफिक थाना प्रभारी और फोर्स के साथ मौजूद रहे। लंबे समय बाद इस तरह की कार्रवाई हुई है, जिसमें इतनी अधिक संख्या में मजिस्ट्रेट खुद सड़क पर चेकिंग के लिए पहुंचे। तीन घंटे तक चली चेकिंग में 69 वाहन चालकों को मजिस्ट्रेट द्वारा यातायात नियम तोड़ते पकड़ा गया। इन सभी से जुर्माना वसूला गया।
चेकिंग टीम और अधिकारियों की तैनाती
टीम-ए: गोविंदपुरी रोड
- मजिस्ट्रेट: अभय प्रताप सिंह, भूपेंद्र सिंह कुशवाह, मधुलिका खत्री, उपमन्यु शुक्ला।
- पुलिस: ट्रैफिक थाना प्रभारी धनंजय शर्मा
टीम-बी: केआरजी तिराहा
- मजिस्ट्रेट: सक्षम नरूला, ऋषभ दीक्षित, ऐका सोनी, अनिरुद्ध उचाड़िया
- पुलिस: ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी
कार्रवाई का लेखा-जोखा: कहां कितने कटे चालान
- गोविंदपुरी रोड: 25 चालान मजिस्ट्रेट द्वारा किए गए, वाहन चालकों से 51 हजार जुर्माना वसूला गया। 7 चालान पुलिस ने अलग से किए।
- केआरजी तिराहा: 44 चालान मजिस्ट्रेट द्वारा किए गए, जिनसे 95 हजार जुर्माना वसूला गया। पुलिस द्वारा 11 चालान किए गए।
नईदुनिया लाइव: चेकिंग के दौरान सामने आए ये अनोखे मामले
- गाड़ी में रखी थी 'विधायक' लिखी नंबर प्लेट, बोला- भतीजा हूं: यहां स्कॉर्पियो पकड़ी गई, जिस पर नंबर नहीं था। गाड़ी की चेकिंग की तो इसमें विधायक लिखा था। चालक बोला कि विधायक का भतीजा हूं, इस पर जुर्माना लगाया गया।
- थार बिना नंबर की सबसे ज्यादा: गोविंदपुरी चौराहे पर सबसे ज्यादा बिना नंबर की थार गाड़ी पकड़ी गई। थार चालकों की नंबर प्लेट गाड़ी के अंदर मिली। जब इनसे पूछा तो बोले- चालान के डर से नंबर प्लेट अंदर रखी है। सभी के चालान काटे गए।
'सपा का जिलाध्यक्ष हूं...': केआरजी तिराहे से स्कॉर्पियो गुजरी। इस पर हूटर लगा था और आगे लिखा था सपा जिलाध्यक्ष। जब इसका हूटर निकलवाया और चालान बनाया तो बोला कि मैं शादी में आया हूं। यहां मौजूद मजिस्ट्रेट ने बोला कि शादियां तो चल ही नहीं रही। इसके बाद कोई जवाब नहीं दे सका। उसका चालान काटा गया।
सीएमएचओ और जनपद सीईओ ने कटवाया चालान: गोविंदपुरी रोड पर सीएमएचओ डॉ. एमएस सागर और जनपद सीईओ निकले। गाड़ी पर हूटर था, नंबर की जगह पदनाम था। पहले तो परिचय देने लगे, लेकिन जब पता लगा कि मजिस्ट्रेट चेकिंग है तो चुपचाप चालान कटवा लिया।
चेकिंग देख बिना नंबर की फॉर्च्यूनर लेकर भागा युवक, बाइक सवार को टक्कर मारी: गोविंदपुरी चौराहे पर ही बिना नंबर की फॉर्च्यूनर लेकर युवक निकला। उसने जैसे ही चेकिंग देखी तो तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाई। आगे जा रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। फिर डिवाइडर से गाड़ी टकराई। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। गाड़ी जब्त करने के निर्देश मजिस्ट्रेट ने दिए। यह भी पढ़ें- Datia Bypoll Election: नेताओं से लेकर बुजुर्गों तक... तस्वीरों में देखें दतिया में मताधिकार का महापर्व!