पिछोर विधायक लोधी के बेटे ने जज से कहा, यह मेरी पहली गलती, भविष्य में दोबारा नहीं करूंगा, जमानत मंजूर
ग्वालियर जिले की पिछोर विधानसभा से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी की हत्या के प्रयास के एक मामले में एडीजे (ADJ) कोर्ट ने जमानत अर्जी मंजूर कर ली है।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 05:41:46 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 05:42:31 PM (IST)
HighLights
- एडीजे कोर्ट ने बुधवार को दिनेश की जमानत अर्जी मंजूर कर ली
- जज ने जताई सख्त नाराजगी, आप न्यायालय का सम्मान नहीं करते
- दूसरे केस में ले ली थी जमानत, इस मामले में रहा फरार
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मध्य प्रदेश में ग्वालियर जिले की पिछोर विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हत्या के प्रयास के एक मामले में एडीजे (ADJ) कोर्ट ने बुधवार को दिनेश की जमानत अर्जी मंजूर कर ली।
इससे एक दिन पहले ही, लंबे समय से फरार चल रहे दिनेश ने अदालत के सामने आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया था।
यह मेरी पहली गलती है, भविष्य में दोबारा नहीं करूंगा
लगातार पेशियों से नदारद रहने के चलते 7 अक्टूबर को दिनेश के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था। वारंट जारी होने के 41 दिन बाद (मंगलवार को) उसने एडीजे कपिल सोनी की अदालत में सरेंडर किया। सुनवाई के दौरान दिनेश ने खुद को बेकसूर बताया और जज के सामने माफी मांगते हुए कहा, यह मेरी पहली गलती है, भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करूंगा।
जज ने जताई सख्त नाराजगी
लगातार सुनवाई से गायब रहने को लेकर एडीजे कपिल सोनी ने दिनेश को कड़ी फटकार लगाई। न्यायाधीश ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा, आप न्यायालय का सम्मान नहीं करते और तारीखों पर भी पेश नहीं होते। इस नाराजगी के बाद मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे कानूनी प्रक्रिया पूरी कर 2 बजे उसे जेल भेज दिया गया। हालांकि, बुधवार को बचाव पक्ष की ओर से पेश की गई जमानत याचिका को कोर्ट ने स्वीकार कर लिया।
क्या है पूरा मामला?
यह विवाद 31 दिसंबर 2023 का है। दिनेश लोधी पर आरोप है कि उसने रविंद्र सिंह यादव के घर के बाहर खड़ी स्कूटर को अपनी कार से जानबूझकर जोरदार टक्कर मारी थी। इसी घटना के आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था।
दूसरे केस में ले ली थी जमानत, इस मामले में रहा फरार
इस पूरे घटनाक्रम में एक हैरान करने वाला तथ्य यह भी रहा कि 21 सितंबर को दिनेश लोधी इसी न्यायालय परिसर की एक दूसरी अदालत में किसी अन्य आपराधिक मामले में पेश हुआ था। वहां से उसने बाकायदा जमानत भी हासिल कर ली थी, लेकिन हत्या की कोशिश जैसे गंभीर मामले में वह कोर्ट के सामने पेश होने से बचता रहा, जिसके बाद अंततः उसे सरेंडर करना पड़ा।