नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। उटीला में फर्जी गोलीकांड के आरोपित बृजेश परिहार के स्वजन ने सोमवार रात थाने पर जमकर हंगामा किया। बृजेश का भाई बंटी परिहार अपने साथ महिला व कुछ गांव वालों को लेकर यहां पहुंच गया। ये लोग आरोपित को छुड़ाने थाने में घुसे थे। जब थाना प्रभारी ने उन्हें रोका तो अभद्रता करने लगे। झूमाझटकी में उनकी वर्दी भी फट गई। जब पुलिस ने इन पर डंडा चलाया, तब भाग गए। दो आरोपितों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
इन दोनों के साथ ही अन्य अज्ञात आरोपितों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने सहित कई धाराओं में एफआइआर भी दर्ज की है। बता दें, पिछले शुक्रवार की रात उटीला के जारगा गांव में बृजेश परिहार निवासी कनाथर घायल अवस्था में मिला था। उसने कहा था कि भारत जाटव, करुआ जाटव व इनके स्वजन ने गोली मारी है। पुलिस ने करीब 10 घंटों में ही इस गोलीकांड का राजफाश कर दिया था कि बृजेश ने अपने साथी मनोज से ही खुद पर गोली चलवाई थी।
यह पूरा कांड भारत जाटव व उसके परिवार वालों की नौ बीघा 10 बिस्वा जमीन हड़पने के लिए किया गया था। जमीन का सौदा गुंडे सचिन फागुना ने किया था। सचिन ने ही बृजेश को चार लाख रुपये देने का सौदा कर षड्यंत्र में शामिल किया। इसमें से 1.80 लाख रुपये बृजेश ले चुका है। वह रुपयों के लालच में खुद पर गोली चलवाने के लिए राजी हो गया। जब स्पष्ट हुआ कि इन लोगों ने खुद ही गोली मारकर गुमराह किया है तो पुलिस ने इन्हें ही आरोपित बनाया।
सोमवार शाम तक बृजेश जयारोग्य अस्पताल में भर्ती था। वहां से छुट्टी होते ही पुलिस उसे लेकर रात में थाने पहुंची। पुलिस रुपयों की बरामदगी के लिए बृजेश को कनाथर ले जाने वाली थी, तभी रात नौ बजे के आसपास उसका भाई बंटी, राम अवतार महिलाओं के साथ आ गया। इन लोगों ने थाने में हंगामा करते हुए बृजेश को छुड़ाने का प्रयास किया और थाना प्रभारी शिवम राजावत की वर्दी फाड़ दी। पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता की।
जब पुलिस ने सख्ती की तो महिलाएं मौके से भाग गईं। बंटी और रामस्वरूप को हिरासत में ले लिया गया है। बता दें, बृजेश के भाई बंटी पर पहले से ही दिल्ली में एफआइआर दर्ज है। उसने वहां एक युवक पर गर्म तेल की कढ़ाई पलट दी थी। गर्म तेल गिरने से युवक झुलस गया था।
'फर्जी गोलीकांड के आरोपित को छुड़ाने का प्रयास उसके परिवार वालों ने किया। इसी क्रम में इन लोगों ने पुलिस थाने में हंगामा और अभद्रता की। दो आरोपित हिरासत में हैं। इनके साथ ही कुछ अज्ञात आरोपितों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। फरार आरोपितों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।'
- शिवम राजावत, थाना प्रभारी, उटीला