
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। मालनपुर थाना अंतर्गत जुमलेदार का पुरा गांव में अवैध शराब बेचने से मना करने पर बुधवार सुबह दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया। घटना में दोनों पक्षों के कुल आठ लोग घायल हो गए। इनमें एक पक्ष के तीन सगे भाइयों की हालत को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है। दूसरे पक्ष के पांच लोग भी घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई।
घटना बुधवार सुबह करीब 8.30 बजे घर के बाहर की बताई गई है। घायल जबरसिंह गुर्जर के बेटे ध्यानेंद्र सिंह के अनुसार उनके पिता जबरसिंह, ताऊ वकील सिंह और चाचा सुजानसिंह घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान गांव के करतारसिंह वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने कहा कि वे गांव में शराब बेच रहे हैं और आगे भी बेचेंगे। इस पर वकील सिंह ने गांव में अवैध शराब नहीं बेचने देने की बात कही। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
ध्यानेंद्र सिंह का आरोप है कि करतारसिंह ने अपने स्वजनों के साथ मिलकर वकील सिंह, जबरसिंह और सुजानसिंह के साथ मारपीट की। इसके बाद कट्टे से फायरिंग की गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में 60 वर्षीय वकील सिंह, 55 वर्षीय जबरसिंह और 52 वर्षीय सुजानसिंह घायल हो गए। तीनों जुमलेदार का पुरा के निवासी हैं। चोटें गंभीर होने के कारण उन्हें उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया।
विवाद में दूसरे पक्ष के 45 वर्षीय करतारसिंह, 42 वर्षीय रामबरनसिंह, 32 वर्षीय मुनेंद्र, 28 वर्षीय रामकुमार और 52 वर्षीय रामस्वरूप गुर्जर भी घायल हुए हैं। ये सभी जुमलेदार का पुरा के निवासी बताए गए हैं। दूसरे पक्ष की ओर से भी घटना को लेकर आरोप लगाए गए हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी में अब प्रॉपर्टी टैक्स के साथ देना होगा 2% फायर सेस, छूट प्राप्त संपत्तियों को राहत, मजबूत होगा इंफ्रास्ट्रक्चर
ध्यानेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान करतारसिंह ने रामस्वरूप के कट्टे से गोली चलाई, जो उनके पैर में लगी। उनका कहना है कि गोली मारने की घटना को लेकर आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज होना चाहिए। हालांकि, घटना में फायरिंग किसने की और किस परिस्थिति में गोली चली, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना में दोनों पक्षों के लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। परिवार में लड़की के शादी-संबंध होने को लेकर विवाद होने की बात कही जा रही है। फायरिंग और मारपीट के आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। महेंद्र गौतम, एसडीओपी गोहद।