
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा देने के लिए रेलवे ने नई दिल्ली-आगरा कैंट इंटरसिटी को ग्वालियर तक चलाने का निर्णय लिया है। नवंबर में मिलने वाली इस सुविधा के बाद दिसंबर की शुरुआत में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
धौलपुर-आगरा कैंट रेलखंड पर खारी नदी पुल के गार्डर बदले जाने के कारण ताज एक्सप्रेस तीन दिन ग्वालियर नहीं आएगी। वहीं, झांसी और आगरा कैंट के बीच चलने वाली चार पैसेंजर ट्रेनें भी दो दिन बंद रहेंगी।
ट्रेन संख्या 14212 नई दिल्ली-आगरा कैंट इंटरसिटी पांच से 14 नवंबर तक ग्वालियर तक संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन 10 फेरे लगाएगी और रात 1:40 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 14211 छह से 15 नवंबर तक ग्वालियर से सुबह 2:40 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन सुबह 10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। अस्थायी विस्तार से त्योहार के दौरान यात्रियों को आने-जाने के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
रेलवे धौलपुर-आगरा कैंट रेलखंड पर जाजऊ और भांडई के बीच खारी नदी पुल पर स्टील गार्डर बदलने जा रहा है। इसके लिए 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक रेल यातायात ब्लॉक रहेगा। इस अवधि में ट्रेन संख्या 12279/12280 झांसी-नई दिल्ली ताज एक्सप्रेस का संचालन ग्वालियर तक नहीं होगा। ट्रेन आगरा कैंट से ही वापस रवाना की जाएगी। तीन दिसंबर से इसका ग्वालियर तक संचालन शुरू हो जाएगा।
मरम्मत कार्य के चलते एक और दो दिसंबर को ट्रेन संख्या 11901, 11902, 11807 और 11808 निरस्त रहेंगी। ये ट्रेनें झांसी और आगरा कैंट के बीच चलती हैं। इनके बंद रहने से इस मार्ग पर नियमित सफर करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए दूसरे साधन तलाशने पड़ेंगे। रेलवे ने यात्रियों को रवाना होने से पहले 139 या एनटीईएस के माध्यम से ट्रेन की स्थिति पता करने की सलाह दी है।