
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। झांसी रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर एक पर होने वाला निर्माण कार्य ग्वालियर के रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ा सकता है। 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक चलने वाले इस काम के कारण ग्वालियर से चलने वाली और यहां से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। किसी ट्रेन का प्लेटफार्म बदलेगा तो कोई झांसी की जगह दूसरे रास्ते से गुजरेगी। वहीं झांसी से दिल्ली जाने वाली ट्रेन अब ग्वालियर से चलेगी और दिल्ली से आने वाली ट्रेन का सफर ग्वालियर में ही समाप्त होगा। रेलवे ने 40 दिन की इस अवधि के लिए ट्रेनों का नया संचालन कार्यक्रम जारी किया है।
दरअसल, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर बैलास्ट लेस ट्रैक (बीएलटी) का निर्माण किया जाना है। इसके लिए रेलवे ने 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया है। इस दौरान प्लेटफार्म नंबर एक से गुजरने वाली 58 ट्रेनों को दूसरे प्लेटफार्मों पर शिफ्ट किया गया है। इसके अलावा 17 ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं, चार ट्रेनें निरस्त रहेंगी और कुछ ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से किया जाएगा।
निर्माण कार्य के चलते ग्वालियर से चलने वाली तीन प्रमुख ट्रेनों के झांसी स्टेशन पर प्लेटफार्म बदल दिए गए हैं। ग्वालियर-प्रयागराज एक्सप्रेस (11801) अब प्लेटफार्म नंबर एक के बजाय दो पर पहुंचेगी। ग्वालियर-हावड़ा एक्सप्रेस (12176) प्लेटफार्म नंबर तीन से संचालित होगी, जबकि ग्वालियर-वाराणसी एक्सप्रेस (11107) प्लेटफार्म नंबर दो पर आएगी। इन बदलावों की अवधि 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक रहेगी।
ग्वालियर से बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी बदलाव किया गया है। ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस (11123) 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक झांसी के बजाय इटावा होकर कानपुर पहुंचेगी। इसी तरह बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस (11124) भी कानपुर से इटावा होते हुए ग्वालियर आएगी। दोनों ट्रेनें प्रतिदिन संचालित होती हैं। ऐसे में इनके नियमित यात्रियों को बदले हुए मार्ग के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी।
ग्वालियर से गुजरने वाली फिरोजपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस (14622) और बरेली-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस (14314) भी प्रभावित रहेंगी। फिरोजपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस शुक्रवार को ग्वालियर से झांसी और बीना के रास्ते जाने के बजाय गुना होकर बीना पहुंचेगी। वहीं बरेली-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस शनिवार को ग्वालियर से गुना होते हुए बीना जाएगी। दोनों ट्रेनों के मार्ग में यह बदलाव निर्धारित अवधि में छह-छह फेरों के लिए किया गया है।
झांसी-नई दिल्ली एक्सप्रेस (12279) 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक झांसी के बजाय ग्वालियर से अपनी यात्रा शुरू करेगी। वहीं नई दिल्ली-झांसी एक्सप्रेस (12280) का संचालन ग्वालियर तक ही होगा। दोनों ट्रेनें प्रतिदिन चलती हैं। इस बदलाव के कारण झांसी से दिल्ली जाने और दिल्ली से झांसी लौटने वाले यात्रियों को ग्वालियर से आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी।
यह भी पढ़ें- श्योपुर में कटोरी रखकर पटाखे चलाते समय स्टील फटकर बच्चे के पेट में घुसा, एक की आंत बाहर निकली, दूसरा हुआ बेहोश
रेलवे के मुताबिक निर्माण कार्य के दौरान कुल 58 ट्रेनों के प्लेटफार्म बदले गए हैं। इन ट्रेनों के कुल 923 फेरे प्रभावित होंगे। इसके अलावा चार ट्रेनों को निर्धारित तिथियों पर निरस्त किया गया है। 17 ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले रेलवे की वेबसाइट, एनटीईएस या हेल्पलाइन नंबर 139 से ट्रेन के समय, मार्ग और प्लेटफार्म की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।