
नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर। गोबर्धन पूजा से पहले दो बच्चे स्टील की कटोरी को पटाखे के ऊपर रखकर चला रहे थे, शुरुआत में पटाखे के धमाके के साथ कटोरी उछलकर ऊपर की ओर जा रही थी, जिसे देखकर बच्चे आनंदित हो रहे थे।
इसी दौरान पटाखे के ऊपर कटोरी हल्की तिरछी रख गई और बार-बार पटाखे के विस्फोट को झेलने से वह कमजोर पड़ गई और जैसे ही बच्चों ने पटाखा फोड़ा तो कटोरी का स्टील एक बच्चे के पेट में जा घुसा, इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी आंते बाहर निकलने लगीं।
वहीं दूसरा बच्चा बेहोश हो गया। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
मामला देहात थाना इलाके के सोंईकलां कस्बे का है। बताया गया है कि 12 वर्षीय चेतन पुत्र पवन मीणा और 14 वर्षीय प्रियांशु पुत्र मुकेश मीणा, निवासी सोंईकलां, मंगलवार को सुबह करीब 09-10 बजे के बीच घर के बाहर पटाखे फोड़ रहे थे।
चेतन और प्रियांशु ने अपने पड़ोस के किसी बच्चे को स्टील की कटोरी को पटाखे के ऊपर रखकर पटाखे के बिस्फोट के साथ कटोरी को हवा में उछलते हुए देखा तो वह भी बैसा ही करने लगे। एक दो बार तो कटोरी हवा में उछली। बाद में धमाके के साथ स्टील का टुकड़ा चेतन के पेट में घुस गया। इससे उसकी आंते बाहर निकल आईं।
इसी दौरान प्रियांशु बेहोश हो गया। बच्चों की हालत को देखकर उनके स्वजन रोने-चिल्लाने लगे। मौके पर खासी भीड़ जमा हो गई।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में स्कूल नहीं आने वाले छात्रों के घर बाहर बजेगी सीटी, बोर्ड परीक्षा रिजल्ट सुधारने के लिए अनूठा अभियान