
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। केंद्र सरकार की हीट रेजिलिएंट स्कीम के अंतर्गत शहर में कूलिंग जोन और शवदाह गृहों में चिमनियां लगाने के प्रोजेक्ट तो नगर निगम के अधिकारियों ने तैयार कर लिए हैं, लेकिन सरकार से अनुदान की राशि न मिलने के कारण अफसर हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं।
इस स्कीम के अंतर्गत ग्वालियर का चयन किया गया है और पांच करोड़ रुपये के अनुदान की स्वीकृति दी गई है, लेकिन केंद्र सरकार के अनुदान पर आधारित प्रोजेक्ट होने के कारण जब तक निगम को राशि प्राप्त नहीं होगी, तब तक आगे की प्रक्रिया नहीं की जा सकती है।
ऐसे में प्रोजेक्ट तैयार होने और उन्हें सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद भी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। निगम के अधिकारियों का प्रयास है कि यदि जल्द से जल्द राशि मिल जाए, तो आगामी गर्मी के मौसम से पहले मैदानी स्तर पर काम पूरे करा लिए जाएं।
दरअसल, देश के 12 सबसे गर्म शहरों में शामिल ग्वालियर में बढ़ते तापमान और लू के असर से निपटने के लिए नगर निगम को शहर के सार्वजनिक स्थानों को गर्मी के लिहाज से तैयार करना है। केंद्र सरकार की अमृत 2.0 योजना की हीट रेजिलिएंट स्कीम के तहत प्रमुख चौराहों पर धूप और लू से राहत देने के लिए विशेष शेड लगाए जाने हैं।
वहीं नगर निगम की इमारतों पर वर्टिकल मॉस वॉल तैयार की जाएंगी। इन कार्यों के साथ शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने और कार्बन उत्सर्जन कम करने पर भी जोर रहेगा। हीट रेजिलिएंट स्कीम के तहत ग्वालियर में पांच करोड़ रुपये की राशि से ऐसे कार्य किए जाने हैं, जो गर्मी के दौरान लोगों को राहत देने के साथ पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने में मदद करें।
गर्मी के मौसम में प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल पर वाहनों के रुकने के दौरान लोगों को लंबे समय तक सीधी धूप का सामना करना पड़ता है। ऐसे स्थानों पर लगाए जाने वाले शेड पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को सीधी धूप से राहत देने के लिए उपयोगी होंगे। हीट रेजिलिएंट योजना का फोकस ऐसे ही सार्वजनिक स्थानों को गर्मी के दौरान अधिक अनुकूल बनाने पर है।
शहर में गर्मी से राहत देने के लिए इससे पहले इसी वर्ष कई स्थानों पर मिस्ट टावर भी स्थापित किए गए हैं। इस स्कीम में ग्वालियर के अलावा भोपाल, बेंगलुरु, देहरादून, गाजियाबाद, गुरुग्राम, गुवाहाटी, जोधपुर, लुधियाना, नासिक, वडोदरा और विशाखापत्तनम को शामिल किया गया है।
इस योजना के तहत इमारतों पर रिफ्लेक्टिव पेंट भी होगा, जो सूर्य की किरणों को अवशोषित करने के बजाय उन्हें परावर्तित कर देगा। इसे छत और दीवारों पर इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा एक हजार बिस्तर अस्पताल, पिंटो पार्क, पॉलिटेक्निक बस स्टैंड, महाराज बाड़ा पर दो स्थानों, पड़ाव पुल, हजीरा मार्केट क्षेत्र में पेडेस्ट्रियन शेड तैयार किए जाएंगे।
ये शेड पॉलीविनाइलिडीन फ्लोराइड मटेरियल से तैयार होंगे, जो अत्यधिक गर्मी को झेलने में सक्षम होते हैं। इसके अलावा नगर निगम बिल्डिंग पर मॉस वॉल तैयार की जाएगी। चिड़ियाघर में आने वाले सैलानियों के लिए विशेष क्रीपर प्लांट कर्टेन तैयार किए जाएंगे। नगर निगम पीआईयू के कार्यपालन यंत्री पवन शर्मा के अनुसार इन सभी कार्यों के लिए अब टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
यह भी पढ़ें- एमपी हाई कोर्ट का फैसला... तलाक के वक्त दिए 20 लाख, फिर भी पिता को करना होगा बेटी का भरण-पोषण