
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। सिंधिया राजघराने की 40 हजार करोड़ की संपत्ति के विवाद में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की बड़ी बुआ दिवंगत पद्मावती राजे की बेटी प्रतिमा देवी अतिरिक्त सत्र न्यायालय में साक्ष्य देने नहीं पहुंचीं।
इस पर कोर्ट ने उनपर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। उन्हें अंतिम अवसर देते हुए दो दिसंबर की सुनवाई निर्धारित की है।
दरअसल, प्रतिमा देवी आरोप है कि उनकी तीनों मौसियों राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, मध्य प्रदेश की पूर्व मंत्री यशोधरा राजे और उषा राजे तथा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने धोखे से उनसे समझौता प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कराए।
अदालत ने उनकी अर्जी स्वीकार करते हुए उन्हें अपना पक्ष रखने और सबूत पेश करने का अवसर दिया है। वहीं तीनों मौसियों ने अदालत में जवाब दाखिल कर धोखाधड़ी के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि समझौते पर हस्ताक्षर पूरी सहमति से किए गए थे।
हस्ताक्षर के बाद परिवार के सभी सदस्य साथ रुके, फैमिली डिनर किया और तस्वीरें भी खिंचवाई थीं। ज्योतिरादित्य सिंधिया की ओर से भी अदालत में समझौते को पूरी सहमति से हुआ बताया गया है।
यह भी पढ़ें- सिंधिया राजपरिवार संपत्ति विवादः 41 हजार करोड़ की संपत्ति के बंटवारे के समझौते को चुनौती