
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शीतला माता मंदिर हादसे को लेकर चल रही मजिस्ट्रियल जांच में लोगों से साक्ष्य और जानकारी आमंत्रित करने के सिलसिले के चलते दूसरे दिन मंगलवार को भी कोई नहीं पहुंचा। अब एक दिन बुधवार ही शेष बचा है। चार घंटे एडीएम न्यायालय में डाइस पर बैठे रहे। वहीं इस मजिस्ट्रियल जांच के चलते पुलिस और प्रशासन के 40 अधिकारियों को नोटिस जारी कर बुलाया जाएगा, उनसे इस मामले में उनकी जिम्मेदारी से लेकर हादसा कैसे हो गया यह कारण पूछा जाएगा।
सभी के बयान दर्ज होने के बाद हादसे से जुड़ी हर कड़ी की पड़ताल होगी और इसके बाद जांच का निष्कर्ष निकलेगा। प्रशासन के अधिकारियों में पीडब्ल्यूडी से लेकर बिजली कंपनी सभी संबंधित विभाग शामिल हैं। इसके अलावा वे पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं जो इस मामले में सीएम की सख्ती के बाद निलंबित किए गए थे।
बता दें कि शीतला माता मंदिर हादसे में 16 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, चीनोर रोड से आ रहे ट्रक ने शीतला माता मंदिर गेट पर लोगों को रौंद दिया था। वहीं इस हादसे में 42 लोग घायल हो गए थे। कई लोगों को एयरलिफ्ट कर भोपाल इलाज के लिए भेजा गया। सीएम ने इस मामले में जांच के आदेश कर पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को निलंबित कर दिया था।
मजिस्ट्रियल जांच के तहत पुलिस से पूरा रिकॉर्ड लिया गया है जिसमें डयूटी आदेश से लेकर जो जो पुलिसवाले डयूटी पर थे उन सभी के नाम मंगवाए गए हैं। इसके अलावा शीतला माता मंदिर पर जो नवरात्र से पहले बैठक हुई थी उसमें शामिल प्रशासन के अधिकारी एसडीएम,सीएसपी,पीडब्ल्यूडी के अधिकारी, बिजली कंपनी के इंजीनियर ,ट्रैफिक पुलिस सभी से जानकारी के लिए उन्हें बुलाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- शीतला माता मंदिर हादसे की मजिस्ट्रियल जांच शुरू, पहले दिन ADM चार घंटे बैठे रहे, नहीं पहुंचा कोई गवाह
एडीएम सीबी प्रसाद की ओर से तकनीकी जांच रिपोर्ट भी मांगी गई है। इसके लिए पीएचक्यू और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को पत्र लिखे गए हैं। दोनों के माध्यम से ट्रक की मैकेनिकल व तकनीकी जांच की गई है। ट्रक के ब्रेक प्रेशर फट जाने की आशंका फिलहाल सामने आई है।
यह भी पढ़ें- शीतला माता मंदिर सड़क हादसा मामले में हाई कोर्ट सख्त: मुख्य सचिव, डीजीपी सहित 10 अधिकारियों को नोटिस जारी