ग्वालियर का शीतला माता मंदिर हादसा: मजिस्ट्रियल जांच में पुलिस ने मामला अटकाया, चार दिन में भी नहीं दिया ब्यौरा, अब जनता से मांगे साक्ष्य
ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के मुख्य द्वार पर हुए हादसे की मजिस्ट्रियल जांच में पुलिस ने मामला अटका दिया है।
Publish Date: Fri, 23 Oct 2026 11:52:33 AM (IST)Updated Date: Fri, 23 Oct 2026 11:54:41 AM (IST)
HighLights
- पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार तक भी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई
- अब प्रशासन ने आमजन से भी घटना से जुड़ी जानकारी व साक्ष्य मांगे
- एक और मरीज को एयरलिफ्ट कर भेजा गया भोपाल एम्स
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शीतला माता मंदिर के मुख्य द्वार पर हुए हादसे की मजिस्ट्रियल जांच में पुलिस ने मामला अटका दिया है। जांच अधिकारी एडीएम द्वारा रविवार को मांगी गई जानकारी पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार तक भी उपलब्ध नहीं कराई।
प्रशासन की ओर से शीतला माता मंदिर पर पुलिस का डयूटी आदेश, बैरिकेडिंग आदेश से लेकर सभी जानकारी मांगी गई हैं। कौन-कौन पुलिस अधिकारी व कर्मचारी राउंड द क्लॉक डयूटी पर थे, इसका पूरा ब्यौरा मांगा गया था।
अब प्रशासन ने आमजन से भी मांगे साक्ष्य
अब प्रशासन ने आमजन से भी साक्ष्य मांगे हैं। कहा है कि किसी के पास भी घटना से जुड़ी जानकारी हो तो वह 26 से 28 अक्टूबर तक कलेक्ट्रेट में आकर दे सकता है। ग्वालियर में विगत 18 अक्टूबर की रात शीतला माता मंदिर के मुख्य द्वार पर ट्रक दुर्घटना के कारण हुई जनहानि के कारणों की जांच के लिए कलेक्टर व जिला दंडाधिकारी रुचिका चौहान ने अपर जिला दंडाधिकारी सीबी प्रसाद को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
निर्धारित तिथि के पश्चात साक्ष्य ग्रहण नहीं किए जाएंगे
जांच अधिकारी सीबी प्रसाद ने उपरोक्त घटना के संबंध में कहा है कि कोई भी स्वतंत्र एवं निष्पक्ष व्यक्ति जिसका प्रकरण में प्रत्यक्ष रूप से हित निहित न हो, साक्ष्य प्रस्तुत करना चाहता हो, वह दिनांक 26, 27 व 28 अक्टूबर को दोपहर 12 से शाम चार बजे तक अपर जिला दंडाधिकारी के न्यायालय में कक्ष क्रमांक-201 में उपस्थित होकर साक्ष्य प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित तिथि के पश्चात साक्ष्य ग्रहण नहीं किए जाएंगे।
इन बिंदुओं पर पुलिस से मांगी जानकारी
- शीतला माता मंदिर में नवरात्र के दौरान जारी पुलिस व्यवस्था ड्यूटी आदेश।
- ट्रैफिक व्यवस्था ड्यूटी आदेश।
- भारी वाहनों का आवागमन रोकने हेतु शीतला माता मंदिर परिसर के आस-पास के क्षेत्रों में बनाये गये पुलिस बैरिकेड संबंधी आदेश।
- चीनौर रोड से शीतला माता मंदिर मार्ग पर राउंड द क्लॉक ड्यूटीरत पुलिस कर्मियों के नाम।
- वर्तमान नवरात्र सीसीटीवी फुटेज
एक और मरीज को एयरलिफ्ट कर भेजा गया भोपाल एम्स
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए मरीजों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर एयरलिफ्ट कर उच्चस्तरीय इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया जा रहा है। इस क्रम में आरजेएन अपोलो स्पेक्ट्रा हास्पिटल में भर्ती अंकित पुत्र जयनारायण निवासी गोहद जिला भिंड को एयर एंबुलेंस के जरिए ले जाकर गुरुवार को भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया।
इससे पहले कल्पना परिहार निवासी ठाठीपुर, संजय शर्मा निवासी करनाल साहब की ढ्योड़ी व शैलेंद्र सिंह तोमर निवासी मुरैना को एयर एंबुलेंस के माध्यम से ले जाकर एम्स में भर्ती कराया जा चुका है।
घायल मरीजों के इलाज पर मुख्यमंत्री स्वयं नजर रख रहे
दुर्घटना में घायल मरीजों के इलाज पर मुख्यमंत्री स्वयं नजर रख रहे हैं। जेएएच के ट्रामा सेंटर सहित शहर के निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों के इलाज की मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।
कलेक्टर रुचिका चौहान स्वयं इलाज की प्रतिदिन समीक्षा कर रही हैं। साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित विभाग के अन्य अधिकारियों को प्रतिदिन निजी अस्पतालों में पहुंचकर मरीजों का हालचाल जानने एवं उनका बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
शीतला माता मंदिर हादसे को लेकर मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की ओर से जानकारी अभी तक नहीं आई है, शुक्रवार को इसको लेकर संबंधित से चर्चा की जाएगी। लोगों से साक्ष्य मांगे गए हैं।
-सीबी प्रसाद, अपर जिला मजिस्ट्रेट
यह भी पढ़ें- 16 मौतों के बाद 50 लाख का कारोबार ठप: शीतला माता मेले से लौटे व्यापारी, बोले- कोरोना में भी नहीं थे ऐसे हालात