
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के मुरार स्थित खुरैरी गांव में महिला की हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एसएसबी जवान ने ही अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर डाली। बच्चों को डराया-धमकाया और अंतिम संस्कार के लिए शव भिंड के अटेर स्थित पैतृक गांव ले गया। यहां से अपने ससुराल वालों को फोन किया और पत्नी की मौत की जानकारी दी। ससुराल वालों से बोला- हार्ट अटैक से मौत हो गई है।
संदेह होने पर मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी और खुद वहां पहुंच गए। जब बेटी से बात की तो उसने रोते हुए मां की हत्या का राज खोल दिया। फिर यह लोग ग्वालियर आए और मुरार थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई। मृतका के मायके वाले शव ग्वालियर ले आए हैं। यहां शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।
मूल रूप से भिंड के अटेर का रहने वाला ज्ञान सिंह जाटव एसएसबी में आरक्षक है। उसने मुरार के खुरैरी में मकान बना लिया है। यहां उसकी पत्नी रिंकी, 14 वर्षीय बेटी और 12 वर्षीय बेटे के साथ रहती थी। पत्नी पर वह संदेह करता था। उसे शक था कि पत्नी किसी से फोन पर बात करती है। 27 अक्टूबर को ही वह अवकाश पर आया था। बीती रात पत्नी से झगड़ने लगा। इसके बाद उसने पत्नी की बेरहमी से मारपीट की, फिर गला दबाकर मार डाला।
इसके बाद बच्चों को डराया। पत्नी का शव लेकर अटेर पहुंचा। यहां से उसने ससुराल वालों को कॉल कर कहा- रिंकी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। उसकी बातों पर संदेह हुआ तो रिंकी के मायके वालों ने तुरंत डायल 112 पर कॉल किया। फिर यह लोग अटेर पहुंच गए। अंतिम संस्कार रुकवाया और यहां हंगामा किया। शव लेकर ग्वालियर आ गए। यह लोग मुरार थाने शव लेकर पहुंचे।
पुलिस ने बेटी से बात की। वह सहमी हुई थी। जब उससे पूछा तो बोली- पिता जब से आए हैं, तभी से मां से झगड़ रहे थे। वह फोन पर भी झगड़ा करते थे। रात को झगड़ने लगे। फिर जमीन पर पटका और सीने पर बैठ गए। इसके बाद तब तक गला दबाया, जब तक मां ने दम नहीं तोड़ दिया।
दोनों बच्चों के सामने ही आरोपित ने अपनी पत्नी की हत्या की। पत्नी को मारने के बाद वह अपने दोनों बच्चों को कमरे में ले गया। कमरे में ले जाकर धमकाया कि अगर किसी से कुछ भी कहा तो वह उन दोनों को भी ऐसे ही मार डालेगा। बच्चे डर गए।
यह भी पढ़ें- सागर जहरीली शराब कांड के आरोपी की मौत, 2 दिन बाद भी शव लेने नहीं पहुंचे परिजन, नहीं हुआ अंतिम संस्कार
आरोपित जब छुट्टी आया तो उसने अपने साले से उसकी ऑरा कार मांग ली थी। बीती रात हत्या करने के बाद इसी कार से वह पत्नी के शव को लेकर अटेर पहुंचा।
आरोपित पत्नी पर शक करता था। उसने कॉल फॉरवर्डिंग ऑन कराई, जिससे सारे फोन उसके मोबाइल पर आएं। कैमरे लगवाए, इस बार जब छुट्टी पर आया तो बोल रहा था- बाथरूम में भी कैमरे लगवाएगा।
मुरार में एसएसबी जवान ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। स्वजन शव लेकर ग्वालियर आए हैं। एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपित की तलाश में टीम भेजी है।- गोविंद बगौली, थाना प्रभारी, मुरार