
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दीपावली का त्योहार बीत चुका है और अब छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। दूसरे शहरों में नौकरी और कारोबार करने वाले बिहार और पूर्वांचल के लोगों के लिए अब अपने घर पहुंचना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। छठ महापर्व पर परिवार के साथ पूजा करने की इच्छा रखने वाले यात्रियों ने ट्रेनों में पहले से ही सीटें बुक करा ली हैं।
ग्वालियर से बिहार, प्रयागराज, दिल्ली और मुंबई की ओर जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में रविवार तक सीटों के लिए मारामारी की स्थिति है। स्लीपर से लेकर थर्ड एसी और सेकंड एसी तक में जगह नहीं बची है। कई ट्रेनों में नो रूम हो चुका है, जबकि शताब्दी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेन में भी वेटिंग टिकट मिल रहे हैं।
गुरुवार को ग्वालियर से बरौनी जाने वाली बरौनी मेल में यात्रियों की भीड़ इसका उदाहरण बनी। ट्रेन यात्रियों से पूरी तरह भरी हुई रवाना हुई। हालात ऐसे थे कि यात्रियों को बैठने तक के लिए जगह तलाशनी पड़ी। दूसरी ओर, यात्रियों की सुविधा के लिए दोपहर 2:15 बजे ग्वालियर से भिंड होते हुए बरौनी के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेन लगभग खाली रवाना हो गई।
दोपहर करीब 12 बजे झांसी होकर जाने वाली नियमित बरौनी मेल में भारी भीड़ थी, जबकि स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की संख्या काफी कम रही। इससे साफ है कि छठ पर घर जाने वाले यात्रियों की पहली पसंद नियमित ट्रेनें बनी हुई हैं।
छठ पूजा के चलते केवल बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में ही दबाव नहीं है। ग्वालियर से गुजरने वाले दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर भी लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनों में सीटें उपलब्ध नहीं हैं। रविवार तक यात्रियों को वेटिंग टिकट मिल रहे हैं। शताब्दी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेन में भी कंफर्म सीट मिलना मुश्किल हो रहा है। स्लीपर, थर्ड एसी और सेकंड एसी में बुकिंग लगभग पूरी हो चुकी है। ऐसे में समय पर टिकट नहीं कराने वाले यात्रियों के सामने घर पहुंचने का संकट खड़ा हो गया है।
छठ पर घर जाने की जल्दबाजी का असर तत्काल टिकटों की बुकिंग पर भी दिखाई दे रहा है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट और एप पर तत्काल बुकिंग शुरू होते ही कुछ सेकेंड में सीटें भर जा रही हैं। यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहे हैं। मजबूरी में कई लोग बसों और निजी वाहनों से सफर करने की तैयारी कर रहे हैं।
ग्वालियर से गुजरने वाली सचखंड एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, केरला एक्सप्रेस, कर्नाटक एक्सप्रेस, तमिलनाडु एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, अमृतसर-दादर एक्सप्रेस, दक्षिण एक्सप्रेस, मंगला एक्सप्रेस, समता एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस और स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में भी सीटों का संकट बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- अब जितनी ई-अटेंडेंस, उतना ही मिलेगा वेतन, दिसंबर से ट्रेजरी पोर्टल से जुड़ेगा हमारे शिक्षक ऐप
छठ पूजा के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। 18 नवंबर तक भीड़ बने रहने का अनुमान है। शनिवार और रविवार को यात्रियों का दबाव और बढ़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों से अधिकृत माध्यमों से टिकट बुक करने और दलालों से बचने की अपील की है।