_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के थाटीपुर थाना क्षेत्र स्थित गौतम नगर में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में दो वर्षीय मासूम की जान चली गई। अपने घर के बाहर खेल रहे बच्चे को एक तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपित चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौतम नगर निवासी वीरेन्द्र जाटव का दो वर्षीय पुत्र शिवांश देर रात घर के आंगन में खेल रहा था। उस समय परिवार के सदस्य घर के अंदर खाना खा रहे थे। खेलते-खेलते मासूम शिवांश घर की दहलीज पार कर बाहर गली में आ गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बाइक सवार ने बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम उछलकर सड़क पर जा गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार रुकने के बजाय वाहन समेत मौके से फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर बाहर आए परिजन लहूलुहान हालत में बच्चे को लेकर तत्काल अस्पताल भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवांश को मृत घोषित कर दिया।
इकलौते बेटे की असमय मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर थाटीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपित की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- गांधी सागर में कैबिनेट मीटिंग से पहले चंबल सफारी में घूमे सीएम डॉ. मोहन यादव और कैबिनेट मंत्री