
आलोक शर्मा, गांधी सागर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार सुबह कैबिनेट बैठक से पूर्व मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ गांधी सागर अभयारण्य में चंबल सफारी का आनंद लिया। प्रकृति की गोद में बसे इस मनोरम क्षेत्र में आयोजित सफारी में यात्रा सीएम ने राज्य सरकार की पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता की बात कही।
बुधवार सुबह मुख्यमंत्री डॉ. यादव और उनके कैबिनेट मंत्री टेंट सिटी से चंबल नदी पर बने गांधीसागर जलाशय से तटीय क्षेत्रों और घने जंगलों की ओर निकले। सफारी के दौरान मंत्रियों ने क्षेत्र की समृद्ध जैव-विविधता, दुर्लभ वन्यजीवों और चंबल के शांत व आकर्षक प्राकृतिक दृश्यों का करीब से अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्थानीय वन अधिकारियों से अभयारण्य में चल रहे विकास कार्यों, चीतों के पुनर्वास की तैयारियों और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार को लेकर चर्चा की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गांधीसागर और चंबल का यह क्षेत्र अपार पर्यटन संभावनाओं से भरा हुआ है। सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के ऐसे अनछुए प्राकृतिक स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के मानचित्र पर प्रमुखता से स्थापित करना है। इससे न केवल इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
यह भी पढ़ें- मालवा-निमाड़ के 126 गांवों तक पहुंचेगा नर्मदा जल, सीएम ने किया सिंचाई परियोजना का लोकार्पण
इस अनौपचारिक भ्रमण ने मंत्रियों के बीच आपसी संवाद और टीम भावना को भी मजबूत किया। सफारी के उपरांत मुख्यमंत्री और पूरा मंत्रिमंडल प्रदेश के समग्र विकास से जुड़े महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लेने के लिए आयोजित कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए रवाना हुआ।
यह भी पढ़ें- खंडवा में सीएम बोले- दो लाख पदों पर होगी भर्ती; आदिवासी युवाओं को IAS बनाने कोचिंग देंगे