_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से ग्वालियर में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 29 अक्टूबर से एक नवंबर के बीच आसमान में बादल छाने और हल्की वर्षा होने की संभावना है।
इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। मौसम का असर 29 और 30 अक्टूबर को अधिक दिखाई देने के आसार हैं। इसके चलते दिन के तापमान में गिरावट आएगी, जबकि सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास बढ़ सकता है।
मौसम में बदलाव के संकेत तापमान के आंकड़ों में भी दिखाई दे रहे हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को यह घटकर 32.7 डिग्री पर आ गया। बुधवार को अधिकतम तापमान और गिरकर 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इसी तरह न्यूनतम तापमान मंगलवार को 16.3 और बुधवार को 16.1 डिग्री सेल्सियस रहा। लगातार गिरते दिन के तापमान से आने वाले दिनों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहने की संभावना है।
तेज हवाओं के साथ बदल सकता है मौसम
बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। एक से दो नवंबर तक भी बादल छाए रहने और हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है। हालांकि, वर्षा की तीव्रता और स्थानीय स्तर पर इसके असर में अंतर हो सकता है।
तेज हवाओं और वर्षा को देखते हुए सतर्क रहें लोग
तेज हवाओं और हल्की वर्षा की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। खुले स्थानों पर रखी हल्की वस्तुओं खासतौर पर फसल को किसान सुरक्षित रखें और वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतें। मौसम में बदलाव के चलते सुबह और रात के समय ठंड बढ़ सकती है, इसलिए बाहर निकलते समय हल्के गर्म कपड़े पहनें।
यह भी पढ़ें- रेलवे के नियम में हुआ बदलाव, अब रात 11 बजे के बाद ट्रेन में नहीं कर पाएंगे मोबाइल चार्ज, जानिए वजह