
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयरपोर्ट पर 25 अक्टूबर से शीतकालीन उड़ान अनुसूची लागू हो गई है। नए शेड्यूल में ग्वालियर से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए विमान सेवाएं निर्धारित की गई हैं।
इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानों से यात्रियों को इन प्रमुख शहरों तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा।
शेड्यूल के अनुसार, ग्वालियर से मुंबई के लिए इंडिगो की उड़ान सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी। यह उड़ान दोपहर 12:15 बजे ग्वालियर पहुंचेगी और 12:50 बजे मुंबई के लिए रवाना होगी। दिल्ली के लिए अकासा एयर सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उड़ान संचालित करेगी।
विमान सुबह 11:15 बजे ग्वालियर पहुंचेगा और 11:50 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगा। इंडिगो की दिल्ली सेवा बुधवार, शुक्रवार और रविवार को निर्धारित है। यह उड़ान दोपहर 3:05 बजे ग्वालियर पहुंचेगी और 3:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी।
बेंगलुरु के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को सेवा देगी। विमान दोपहर 3:30 बजे ग्वालियर पहुंचेगा और शाम 4:05 बजे बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेगा। यह शेड्यूल 27 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगा। हालांकि, उड़ानों का संचालन संबंधित एयरलाइंस की परिचालन परिस्थितियों के अनुसार बदल सकता है।
यह भी पढ़ें- खुशखबरी: अंबिकापुर से वाराणसी के लिए शुरू होगी सीधी फ्लाइट, अब रांची और पटना पहुंचना भी होगा आसान