हरदा में बंदूक से काले हिरण का शिकार; किसानों को देख खेत में शव छोड़कर भागे
हरदा के हंडिया वन परिक्षेत्र में सोमवार रात खेत में सिंचाई कर रहे किसानों ने गोली चलने की आवाज सुनी। मौके पर खून से लथपथ मादा हिरण मृत मिली।
Publish Date: Wed, 04 Nov 2026 11:31:19 AM (IST)Updated Date: Wed, 04 Nov 2026 11:44:37 AM (IST)
वन विभाग की हंडिया रेंज के कार्यालय के पीछे हिरण का अंतिम संस्कार किया गया। सौ- विभागHighLights
- हरदा के हंडिया वन परिक्षेत्र में सोमवार रात की घटना
- बंदूक से गोली मारकर काले हिरण का शिकार
- वन विभाग ने शुरू की आरोपितों की तलाश
नईदुनिया प्रतिनिधि, हरदा । मध्य प्रदेश के हरदा जिले के हंडिया वन परिक्षेत्र में बंदूक से गोली मारकर काले हिरण के शिकार का मामला सामने आया है। सोमवार रात खेतों में सिंचाई कर रहे किसानों ने गोली चलने की आवाज सुनी। टार्च लेकर मौके पर पहुंचे तो वहां खून से लथपथ मादा हिरण मृत मिली। किसानों को देख कथित शिकारी भाग निकले।
वन विभाग ने कराया पोस्टमार्टम
मंगलवार को वन परिक्षेत्र अधिकारी की मौजूदगी में हिरण का पोस्टमार्टम कराया गया। न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार किया गया।
रात में करते हैं शिकार
ग्रामीणों के अनुसार, फसल कटने के बाद खेत खाली हैं और रात में विचरण करने वाले काले हिरण तथा अन्य वन्यजीव शिकारियों के आसान निशाने पर हैं।
शिकार रोकने के लिए अभियान चलाया जाएगा। कर्मचारियों को सतर्कता और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। आरोपितों की तलाश जारी है।- सीएस भिलाला, वन परिक्षेत्र अधिकारी