
नईदुनिया प्रतिनिधि, हरदा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव कांकरिया में सोमवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे एक 18 वर्षीय लक्ष्मी पिता कड़वा ठाकरे ने खुद को आग लगाकर जान दे दी। मृतका के छोटे भाई के अनुसार पास के गांव गांगला का एक युवक उसे मोबाइल पर लगातार परेशान कर रहा था। पुलिस ने बताया कि आग से छात्रा करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गई, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना के समय छात्रा की मां और बहन मजदूरी करने गई थी। पिता गैस सिलेंडर भरवाने शहर गए थे तथा भाई स्कूल गया हुआ था। शाम करीब 4 बजे जब भाई घर लौटा तो उसने आंगन में बहन का जला हुआ शव पड़ा देखा। इसके बाद स्वजनों और ग्रामीणों को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव को जिला चिकित्सालय की मर्चुरी में रखवा दिया है। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा। स्वजनों ने बताया कि लक्ष्मी ने इस वर्ष कॉलेज में प्रवेश लिया था। पिछले दो-तीन दिनों से नियमित कॉलेज जा रही थी। उसने किसी भी प्रकार की परेशानी की जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं दी थी।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और सिविल लाइन थाना से पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। मोबाइल कॉल डिटेल सहित सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइन थाना प्रभारी आरएस तिवारी ने कहा कि शव का मंगलवार सुबह पीएम किया जाएगा। स्वजनों के बयान सहित अन्य पहलुओं पर जांच की जाएगी।
यह भी पढ़ें- कैंसर के कारण रद्द हुई शादी, होटल को लौटाने होंगे ₹3.50 लाख, जबलपुर उपभोक्ता कोर्ट का राहत भरा फैसला