छुट्टी के दिन हरदा नगर पालिका में जला दी फाइलें; कांग्रेस ने लगाया घोटाला छिपाने का आरोप, CMO बोले- कागज में दीमक लगी थी
नगर पालिका सीएमओ रोशन सिंह बाथम के अनुसार, दीपावली की सफाई के दौरान अनुपयोगी और पुरानी फाइलें नष्ट की गईं। उन्होंने दावा किया कि नगर पालिका का बाकी रिकॉर्ड सुरक्षित है।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 12:42:47 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 12:42:47 PM (IST)
नगर पालिका परिषद कार्यालय में दस्तावेज जलते हुए। -वीडियोग्रेब। HighLights
- नगर पालिका में अवकाश के दिन जलाई गईं फाइलें
- कांग्रेस ने लगाए भ्रष्टाचार छिपाने के आरोप
- सीएमओ बोले, पुरानी फाइलों में लग गई थी दीमक
नईदुनिया प्रतिनिधि, हरदा। मध्य प्रदेश नगरीय प्रशासन विभाग के प्रस्तुतिकरण में सामने आए नगरीय निकायों में खरीदी प्रक्रिया के भ्रष्टाचार के मामले के बीच हरदा नगर पालिका ने अवकाश के दिन फाइलें जला दीं।
कांग्रेस ने इसको खरीदी घोटाले को छिपाने का प्रयास बताया है। नगर पालिका में शनिवार को सामान्य अवकाश था। इस बीच पालिका के तीन-चार कर्मचारियों ने परिसर में कागजों और फाइलों का ढेर रखकर आग लगा दी। थोड़ी देर में यह बात पूरे शहर में फैल गई।
भ्रष्टाचार की फाइलें जलाईं- कांग्रेस
कांग्रेस के जिला प्रवक्ता आदित्य गार्गव ने कहा कि नगरीय निकायों में खरीदी और अन्य कार्यों को लेकर भ्रष्टाचार के बीच नगर पालिका में रिकार्ड जलाने की घटना संदेह पैदा करती है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
फाइलों में दीमक लगी थी- सीएमओ
वहीं, नगर पालिका के सीएमओ रोशन सिंह बाथम का कहना है कि अनुपयोगी, पुरानी फाइलों एवं कागजों की काफी दिनों से सफाई नहीं हुई थी। कुछ फाइलों में दीमक लग गए थे।
दीपावली के लिए सफाई के दौरान उन्हीं फाइलों को नष्ट किया गया है। सारा रिकॉर्ड सुरक्षित रखा हुआ है।