हरदा में छात्राओं ने विधायक को फोन लगाकर खोली हॉस्टल की पोल; अधीक्षक को हटाने की मांग, वीडियो वायरल
टिमरनी के उत्कृष्ट कन्या छात्रावास की छात्राओं ने विधायक कुंवर अभिजीत शाहसे फोन पर बातचीत कर छात्रावास की समस्याएं बताईं और उप अधीक्षक को हटाने की मां...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 18 Sep 2026 06:08:08 PM (IST)Updated Date: Fri, 18 Sep 2026 06:08:08 PM (IST)
मोबाइल पर शिकायत करती हुई छात्राएं। विधायक अभिजीत शाह।HighLights
- छात्राओं ने मोबाइल पर विधायक को बताई समस्याएं
- शिकायत के साथ उप अधीक्षक को हटाने की मांग रखी
- वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने लिया संज्ञान
नईदुनिया प्रतिनिधि, हरदा/टिमरनी । उत्कृष्ट कन्या छात्रावास की छात्राओं ने छात्रावास की विभिन्न समस्याओं एवं उप अधीक्षक को हटाने की मांग को लेकर फोन के माध्यम से विधायक कुंवर अभिजीत शाह से संपर्क किया।
छात्राओं द्वारा अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखने के बाद विधायक प्रतिनिधि शेंकी उपाध्याय एवं मंडलम अध्यक्ष जितेंद्र सोनकिया छात्राओं के प्रतिनिधिमंडल से मिलने छात्रावास पहुंचे।
इस दौरान छात्राओं ने छात्रावास से संबंधित विभिन्न समस्याओं और अपनी मांगों से प्रतिनिधियों को अवगत कराया।
विधायक ने दिया सुधार करवाने का भरोसा
विधायक शाह ने फोन के माध्यम से छात्राओं से बातचीत करते हुए उनकी समस्याओं का जल्द निराकरण कराने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने छात्राओं से मिलने के लिए जल्द ही छात्रावास पहुंचने की बात कही।
छात्राओं और विधायक के बीच दूरभाष पर हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है।
व्यवस्थाएं ठीक करवाने की मांग
नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने कहा कि 50 की क्षमता वाले छात्रावास में वर्तमान में करीब 20-21 छात्राएं ही रह रही हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर छात्रावास की व्यवस्थाएं सुधारने और छात्राओं को पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।