हरदा: घरेलू विवाद में 10 दिन की दुधमुंही बच्ची का गला घोंटने वाली मां को उम्रकैद की सजा
18 फरवरी 2023 को टिमरनी थाना क्षेत्र के सोडलपुर में पति से विवाद के बाद पूजा मायके सोहागपुर चली गई थी। अगले दिन उसने बच्ची का गला दबाकर हत्या कर दी।
Publish Date: Sat, 14 Nov 2026 12:29:57 PM (IST)Updated Date: Sat, 14 Nov 2026 12:29:57 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- हरदा जिले के अपर सत्र न्यायालय का फैसला
- बेटी की हत्या के मामले में दोषी महिला को उम्रकैद
- सोडलपुर में पति से विवाद के बाद की थी हत्या
नईदुनिया प्रतिनिधि, हरदा । पति से विवाद में अपनी 10 दिन की नवजात बेटी की गला दबाकर हत्या करने वाली महिला को हरदा जिले के अपर सत्र न्यायाधीश निमिष राजा ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने दोषी महिला पर 500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
अतिरिक्त लोक अभियोजक विपिन सोनकर ने बताया कि 18 फरवरी 2023 को टिमरनी थाना क्षेत्र के सोडलपुर निवासी पूजा पति संजू बंजारा का अपने पति से विवाद हो गया था। इसके बाद वह अपनी 10 दिन की नवजात बेटी को छोड़कर मायके सोहागपुर चली गई।
गला दबाकर ली जान
अगले दिन उसकी सास बच्ची को लेकर सोहागपुर पहुंची और उसे पूजा के पास छोड़ आई। इसी दौरान पूजा ने अपनी ही नवजात बेटी का गला दबाकर हत्या कर दी। मामले में टिमरनी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, तभी से वह जेल में बंद है।
500 रुपये का जुर्माना लगाया
न्यायालय में सुनवाई के दौरान अतिरिक्त लोक अभियोजक विपिन सोनकर की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश निमिष राजा ने महिला को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई और 500 रुपये का जुर्माना लगाया है।