हरदा: युवक की मौत के बाद छीपाबड़ में चक्काजाम; आरोप- मारपीट के कारण गई जान
हरदा जिले के छीपाबड़ में 24 वर्षीय पवन श्रीवास की मौत के बाद स्वजन और समाज के लोगों ने शव रखकर महाराणा प्रताप चौक पर करीब डेढ़ घंटे तक चक्काजाम किया।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 03:03:42 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 03:03:42 PM (IST)
परिजनों ने शव रखकर चक्काजाम किया।नईदुनिया।HighLights
- युवक की मौत के बाद चक्काजाम
- मारपीट के बाद बिगड़ी थी तबीयत
- भोपाल ले जाते समय रास्ते में मौत
नईदुनिया प्रतिनिधि, हरदा/ खिरकिया। छीपाबड़ निवासी 24 वर्षीय युवक की मौत के बाद स्वजन और समाज के लोगों ने छीपाबड़ मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। युवक और उसके भाई के साथ कुछ लोगों पर मारपीट करने के आरोप लगे हैं। मारपीट के कुछ दिन बाद युवक की मौत होने के बाद कही जा रही है।
छीपाबड़ निवासी पवन श्रीवास की मौत के बाद हरदा-खंडवा स्टेट हाईवे के छीपाबड़ के महाराणा प्रताप चौक पर शव रख चक्काजाम कर दिया गया। इसके कारण छीपाबड़, खिरकिया, चारुवा मार्ग के साथ हाईवे पर वाहनों के पहिए थम गए। गुस्साए स्वजन, समाज के लोगों सहित अन्य लोगों ने शाम करीब छह बजे चक्काजाम शुरू किया।इसके बाद छीपाबड़ पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को समझाने का प्रयास किया।
फोटोग्राफी का काम करता था युवक
मृतक पवन और उसका छोटा भाई योगेश फोटोग्राफी का काम करते हैं। स्वजन ने बताया कि 16 नवंबर की रात करीब आठ बजे पड़वा रहने वाले कुछ लोगों ने पवन और उसके भाई योगेश के साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद दोनों भाइयों ने खुद का उपचार भी कराया।
भोपाल ले जाते हुए चली गई जान
स्वजन का कहना है कि शनिवार सुबह अचानक पवन की तबीयत अधिक खराब हो गई। नर्सिंग होम में दिखाने के बाद पवन को भोपाल रेफर कर दिया गया। भोपाल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। स्वजन ने बताया कि कुछ साल पहले पवन के पिता का निधन हो गया था। घर में बड़ा होने के नाते जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर चक्काजाम खुलवाया।
मामले में मर्ग कायम कर जांच में लिया है। जांच में जो भी तख्य सामने आएंगे उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।- संतोष चौहान, टीआई, छीपाबड़