
नईदुनिया प्रतिनिधि, हरदा। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या के बाद 2 नवंबर से बंद लाइसेंसी पाटेंद्र जायसवाल की तीनों दुकानों का संचालन शुक्रवार को आबकारी विभाग ने शुरू किया। अब इन दुकानों से होने वाली बिक्री की पूरी राशि सीधे शासन के खाते में जमा होगी।
जानकारी के अनुसार पाटेंद्र जायसवाल की तीन शराब दुकानें हरदा रोड टिमरनी, सोडलपुर रोड टिमरनी और रहटगांव में संचालित थीं। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या के मामले के बाद आबकारी आयुक्त के निर्देश पर इन दुकानों को सील कर दिया गया था।
इसके बाद 2 नवंबर से तीनों दुकानों का संचालन बंद था। 12 नवंबर की शाम तक कलेक्टर द्वारा तीनों दुकानों के लाइसेंस निरस्त किए गए। इसके बाद 13 नवंबर से इन दुकानों के संचालन की जिम्मेदारी आबकारी विभाग को सौंपी गई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल स्टाफ की कमी एक बड़ी चुनौती है, इसके बावजूद सरकारी राजस्व को ध्यान में रखते हुए दुकानों का संचालन शुरू किया जा रहा है। आबकारी विभाग सुबह 8:30 बजे से रात 11 बजे तक दुकानों का संचालन करेगा।
यह भी पढ़ें- एमपी के 18 जिलों में बनेंगे 21 औद्योगिक क्षेत्र, भोपाल के रातीबड़ और आगरिया छापर शामिल, अधिसूचना की जारी
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पर्याप्त कर्मचारियों की उपलब्धता के लिए आबकारी आयुक्त को पत्र लिखा गया है। जैसे ही अतिरिक्त स्टाफ उपलब्ध होगा, दुकानों के संचालन और बिक्री व्यवस्था की नियमित निगरानी और मजबूत की जाएगी। फिलहाल उपलब्ध अमले के आधार पर ही तीनों दुकानों को संचालित करने की व्यवस्था बनाई गई है।
कलेक्टर के आदेश पर 12 नवंबर को पाटेंद्र जायसवाल की तीनों दुकानों के लाइसेंस निरस्त किए जा चुके हैं। शुक्रवार से कलेक्टर के आदेश पर आबकारी विभाग द्वारा अब इन तीनों दुकानों का संचालन किया जा रहा है। हमारे पास स्टाफ की कमी है, जिसके लिए आबकारी आयुक्त को पत्र लिखा है।- सुनील भोजने, जिला आबकारी अधिकारी, हरदा।