दराती से काट डाला युवक का गला; हरदा के टिमरनी में दिनदहाड़े हत्या, बहन के जेठ व बेटे पर आरोप
करीब आठ साल पहले मृतक की बहन ने प्रेम विवाह किया था। पति की मौत के बाद संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर परिवार का विवाद अदालत पहुंचा था। इसी रंजिश में हत्या किए जाने का आरोप है।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 12:14:06 PM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 12:14:06 PM (IST)
मृतक राकेश यादव।जांच करती पुलिस। नईदुनिया।HighLights
- हरदा के गोदड़ी गांव में युवक की हत्या
- बहन के जेठ और उसके बेटे पर आरोप
- संपत्ति विवाद को लेकर पुरानी रंजिश का आरोप
नईदुनिया प्रतिनिधि, हरदा। टिमरनी थाना क्षेत्र के गोदड़ी गांव में मंगलवार दोपहर पुरानी रंजिश चलते 45 वर्षीय राकेश यादव की हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक के भाई मोहन यादव ने बहन के जेठ लाल सिंह यदुवंशी और उसके बेटे जितेंद्र पर हत्या का आरोप लगाया है।
योजना बनाकर की हत्या
मृतक के भाई मोहन ने बताया कि राकेश मिस्त्री का काम करते थे। मंगलवार दोपहर वह गांव के पास स्कूल में साइट देखने का कहकर घर से निकला था। लौटते समय आरोपितों ने पीछे से दराती से उनकी गर्दन पर हमला कर दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद स्वजन उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश का मामला
मृतक के भाई मोहन के अनुसार करीब आठ वर्ष पहले उनकी बहन ने आरोपित के भाई से प्रेम विवाह किया था। एक-दो वर्ष पहले बहन के पति की मौत के बाद आरोपितों ने बहन और उसके बच्चों को घर से निकाल दिया था। तब से वे मोहन के परिवार के साथ रह रहे थे।
मोहन ने बताया कि बहन की संपत्ति में हिस्से को लेकर परिवार ने कोर्ट में केस दर्ज कराया था। उनका आरोप है कि इसी बात को लेकर आरोपित रंजिश रखते थे। मृतक के भाइयों ने यह भी आरोप लगाया कि उनके बहनोई की हत्या भी उनके बड़े भाई ने की थी।
ग्राम गोदड़ी में विवाद की सूचना मिली थी। राकेश यादव को घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। फरियादी ने पुरानी रंजिश के चलते घटना होने की बात बताई है। घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। -प्रकाश सोलंकी, चौकी प्रभारी, करताना पुलिस चौकी