नर्मदापुरम: पचमढ़ी में बायसन के हमले में उत्तराखंड के आर्मी जवान की मौत; फुटबॉल मैच के दौरान हादसा
बायसन का सींग आकाश चौहान के पेट में लगने से उन्हें गंभीर चोट आई। साथी जवान उन्हें तत्काल आर्मी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 12:20:31 PM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 12:20:31 PM (IST)
पचमढ़ी में कई बार आवासीय क्षेत्रों में आ जाते हैं बायसन। नईदुनिया।HighLights
- पचमढ़ी के आर्मी एजुकेशन सेंटर के मैदान पर हादसा
- फुटबाल खेल रहे जवानों पर बायसन के झुंड ने किया हमला
- बायसन का सींग आकाश चौहान के पेट में लगने से मौत
नईदुनिया प्रतिनिधि, नर्मदापुरम। गुरुवार देर शाम पचमढ़ी के आर्मी एजुकेशन सेंटर के मैदान पर फ़ुटबाल खेलते समय जवानों पर अचानक बायसन के झुंड ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में जवानों में अफरा तफरी मच गई। बायसन के हमले में उत्तराखंड के जवान आकाश चौहान बुरी तरह घायल हो गए।
जवानों द्वारा तत्काल गंभीर हालत में आकाश को आर्मी अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों द्वारा मृत घोषित किया गया। मृतक जवान की पहचान उत्तराखंड निवासी आकाश चौहान के रूप में हुई है।
जवान के पेट में घुसे से बायसन के सींग
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक पचमढ़ी संजीव शर्मा ने बताया हमें आर्मी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बायसन के हमले से सैनिक आकाश चौहान उम्र 26 वर्ष निवासी उत्तराखंड की मौत हुई है। मृतक सैनिक आर्मी एजुकेशन सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे थे।
आर्मी के खेल मैदान में अचानक झाड़ियां के बीच से निकलकर एक बायसन आ गया और उसने सैनिकों के ऊपर हमला कर दिया था. इसमें एक सैनिक को बायसन ने सींग मारे, जो उनके पेट में लगे और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।अस्पताल ले जाने से पहले ही सैनिक की मौत हो गई।
आर्मी परिसर जंगल से लगा हुआ है यहां कुछ बायसन का झुंड जंगल से निकलकर परिसर में कई बार आ जाता है लेकिन ऐसी घटना पहली बार हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
पचमढ़ी में बढ़ी बायसन की आवाजाही
पिछले कुछ दिनों से पचमढ़ी नगर में बायसन का झुंड लगातार आ रहा है। एक दिन पूर्व शहीद द्वार स्थित छोटी पुलिया पर बायसन का झुंड आकर बैठ गया था, जिससे कई घंटे तक आवागमन बंद हो गया था।
नगर के कई लोगों ने बायसन के झुंड को वापस जंगल में खदेड़ने की मांग सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से की थी, लेकिन आरोप हैं कि इस तरफ ध्यान नहीं दिया गया, जिससे यह दुर्घटना हो गई।
स्थानीय लोग बताते हैं कि जंगल के कई स्थानों पर जालियां लगा दी गई हैं लेकिन रास्ता भटक कर कई बार शहरी क्षेत्र में जंगली जानवर आ जाते हैं और वापस जंगल में नहीं जा पाते हैं।
सेना के जवान आकाश चौहान यहां प्रशिक्षण के लिए आए थे, वे देहरादून के पास पानागढ़ देहरा के रहने वाले थे और 17वीं कमांड रेजिमेंट में थे।- गोपाल घासले, थाना प्रभारी ,पचमढ़ी