
नईदुनिया प्रतिनिधि, नर्मदापुरम। नर्मदा के सेठानी घाट पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बंद पड़ी मशीनों से नर्मदा नदी के प्रदूषण पर नजर रख रहा है। वर्ष 2022 में रियल टाइम वाटर क्वालिटी मानीटरिंग सिस्टम (आरटीडब्ल्यूक्यूएमएस) लगाया गया था। नर्मदापुरम सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर नर्मदा नदी में ऐसी 51 मशीनें लगाई गई थीं।
अब स्थिति यह है कि बारिश के दौरान जलस्तर बढ़ने पर नपा कर्मचारी मशीन को निकालकर ऊपर रख देते हैं। इससे मानिटरिंग नहीं हो पा रही है। रियल टाइम मानिटरिंग का परिणाम डिस्प्ले करने का दावा किया था लेकिन यह डिस्प्ले महीनों से बंद पड़ा है।
यह सिस्टम नर्मदा नदी में मौजूद बायो केमिकल, आक्सीजन डिमांड, डिजाल्व आक्सीजन, केमिकल आक्सीजन डिमांड, टोटल डिजाल्वड सालिड, क्लोराइड, पीएच के बारे में जानकारी देता था।
बोर्ड ने हवा की शुद्धता की जांच के लिए भी मशीन लगाई है। नगर पालिका कार्यालय की छत पर लगाई गई यह मशीन भी महीनों से बंद पड़ी है। ऐसे में शहर की हवा के एक्यूआइ के बारे में जानकारी नहीं मिल पाती है।
यह भी पढ़ें- दुबई से गहने लेने भोपाल पहुंची बेटी, बैंक लॉकर खुला तो उड़े होश, पूर्व RERA चेयरमैन के लॉकर से सोना गायब
बोर्ड के मंडीदीप स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से साल में एक-दो बार अधिकारी आते हैं और खानापूर्ति करके चले जाते हैं। मशीनों के रखरखाव और इनके संचालन को लेकर बोर्ड कितना गंभीर है यह इन मशीनों के बंद होने से ही पता चल जाता है।
बारिश की वजह से कुछ तकनीकी खराब आ गई होगी। मशीन तो चालू है। बस डिस्प्ले बंद है। उसको दिखवा लेते हैं। कोई समस्या होगी तो उसमें सुधार कर मशीनों को चालू करवाया जाएगा। - हरीश राय, वैज्ञानिक, मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, मंडीदीप