Narmada Jayanti 2023: नर्मदापुरम में भजनांजलि के साथ शुरू हुआ नर्मदा प्राकट्योत्सव, घाटों पर आकर्षक साज-सज्जा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज शाम जलमंच से करेंगे मां नर्मदा का अभिषेक।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sat, 28 Jan 2023 10:19:00 AM (IST)
Updated Date: Sat, 28 Jan 2023 10:19:00 AM (IST)

नर्मदापुरम, नवदुनिया प्रतिनिधि। अंचल के सबसे बड़े पर्व नर्मदा प्राकट्योत्सव को लेकर लोगों में उत्साह है। शहर के सभी घाटों पर श्रद्धालु सुबह से ही मां नर्मदा की पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने लगे थे। सेठानीघाट से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शाम 6 बजे जलमंच से मां नर्मदा का अभिषेक करेंगे। प्रशासन ने महोत्सव को लेकर सभी व्यवस्थाएं कर ली गई है। पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के लिए 600 जवान तैनात किए जा रहे हैं। एसएएफ की एक टुकड़ी भी मिली है। इसके साथ ही 100 होमगार्ड जवानों को भी व्यवस्थाओं में लगाया गया है।
नर्मदा जयंती महोत्सव की शुरूआत शनिवार को ब्रह्म मुहुर्त में भजनांजलि के साथ हुई। सुबह से ही नर्मदा घाटों पर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। लोगों ने नर्मदा मैय्या का अभिषेक किया। आटे का हलुए का भोग लगाने के साथ ही चुनरी भी चढ़ाई गई। नित्य आरती समिति द्वारा सेठानी घाट पर महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर भी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई है। 26 जनवरी को मंगलाचरण के साथ नर्मदा जन्मोत्सव की शुरूआत हुई थी। तीन दिनों तक चले महोत्सव का समापन रविवार को कन्याभोज के साथ होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पत्नी साधना सिंह के साथ आज शाम जलमंच पर उपस्थित रहेंगे। जलमंच पर किन-किन लोगों के बैठने दिया जाएगा इसे लेकर भी प्रशासनिक स्तर पर सूची तैयार की है। कलेक्टर नीरज सिंह व एसपी डा गुरकरन सिंह के निर्देशन में तैयारियां की गई है। मोटर बोट व जलपरी से सीएम को सर्किट हाउस से लाया जाएगा। इसके बाद जलमंच पर मां नर्मदा का पूजन होगा।
दोपहर 2 बजे से लागू हो जाएगा प्लान
श्रृद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नर्मदापुरम पुलिस द्वारा यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की गई है। जो दोपहर 02 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक रहेगी। पुलीस अधिक्षक सिंह के निर्देशन में 600 पुलिस अधिकारी, कर्मचारी मोर्चा संभालेंगे। सेठानी घाट, पर्यटन घाट, कोरी घाट, झंडा चौक, सराफा चौक, कसेरा बाजार, मोरछली चौक, सेंट्रल बैंक तिराहा, मेन बोर्ड स्कूल चौराहा क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश नहीं रहेगा। सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों की सुविधा के लिये चार पहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था एसएनजी स्कूल मैदान में रहेगी। वहीं दो पहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सेठ गुरुप्रसाद स्कूल परिसर में रहेगी। इसके अतिरिक्त दशहरा मैदान में भी सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था रहेगी।