पचमढ़ी में बंदर से बैग छुड़ाते वक्त शिक्षक की खाई में गिरने से मौत, नागपुर से घूमने आए थे
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी स्थित प्रियदर्शिनी प्वाइंट पर बंदर से बैग छुड़ाने के दौरान संतुलन बिगड़ने से शिक्षक विजय नायक 150 फीट गहरी खाई में गिर गए। हादसा सुबह करीब 6:45 बजे हुआ।
Publish Date: Sat, 07 Nov 2026 02:34:31 PM (IST)Updated Date: Sat, 07 Nov 2026 02:45:44 PM (IST)
पर्यटक के शव को बाहर लेकर आते सदस्य। नईदुनिया।HighLights
- पचमढ़ी में नागपुर के शिक्षक की मौत
- 20 बच्चों के समूह के साथ आए थे शिक्षक
- तीन घंटे के रेस्क्यू के बाद निकाला शव
नईदुनिया प्रतिनिधि, नर्मदापुरम। पचमढ़ी के प्रियदर्शिनी प्वाइंट पर खाई में गिरने से नागपुर के पर्यटक विजय नायक की मौत हो गई। मृतक पर्यटक विजय 20 बच्चों के साथ पचमढ़ी घूमने आए थे। इस दौरान उनके पिता भी उनके साथ थे। हादसा सुबह करीब 6:45 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक विजय नायक प्रियदर्शिनी व्यू प्वाइंट पर फोटो खिंचवा रहे थे।
इसी दौरान एक बंदर ने उनका बैग छीनने की कोशिश की। बैग बचाने की कोशिश में विजय की बंदर के साथ छीनाछपटी हुई इस दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे 150 फीट गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में उनकी मौत हो गई।
स्कूली बच्चों ने पुलिस को दी जानकारी
नागपुर से 20 स्कूली बच्चों के समूह के साथ आई शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि वे सभी पचमढ़ी के सनराइज प्वाइंट पर घूमने गए थे। तभी अचानक एक बंदर ने हमारे सामान पर झपट्टा मारा और एक बैग छीनकर ले गया। हमारे साथी शिक्षक विजय बंदर से बैग वापस लेने के लिए सुरक्षा रेलिंग पार कर आगे बढ़े इसी दौरान वे बंदर से बेग छीन रहे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरी खाई में जा गिरे।
तीन घंटे के रेस्क्यू बाद बाहर निकाला शव
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। करीब 150 फीट गहरी खाई से शव बाहर निकालने के लिए तीन घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। उसके बाद शव को खाई से बाहर लाया जा सका। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद वे शव लेकर नागपुर रवाना हो गए।
बंदरों के आतंक पर उठे सवाल
हादसे के बाद प्रियदर्शिनी प्वाइंट पर पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पर्यटकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां लगी रेलिंग कमजोर है और बंदरों का भी काफी आतंक है। ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। लोगों ने व्यू प्वाइंट पर मजबूत रेलिंग लगाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात करने की मांग की है।
हादसा सुबह हुआ जानकारी मिलने के बाद टीम के सदस्य खाई में उतरे। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर लाया जा सका। बाद में पोस्टमार्टम कर शव को स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया। - गोपाल घासले, थाना प्रभारी, पचमढ़ी