नर्मदापुरम में रेत का खूनी खेल: अवैध खनन करने वालों ने ठेका कंपनी के कर्मचारी पर चढ़ाया ट्रैक्टर, 6 पर केस दर्ज
नर्मदापुरम में सिल्वर मिस्ट कंपनी के कर्मचारियों ने डिवाइन सिटी के पास कथित अवैध रेत परिवहन कर रही ट्रालियों को पकड़ा। इसके बाद रेत की रॉयल्टी को लेकर विवाद हो गया।
Publish Date: Mon, 26 Oct 2026 11:34:35 AM (IST)Updated Date: Mon, 26 Oct 2026 11:34:35 AM (IST)
संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर जब्त की दो ट्रेक्टर-ट्राली। नईदुनिया।HighLights
- माफिया और ठेकेदार के बीच रेत रॉयल्टी को लेकर विवाद
- मारपीट की और ट्रैक्टर चढ़ा दिया गया, कर्मचारी हुआ चोटिल
- ट्रैक्टर-ट्राली जब्त कर 6 लोगों पर केस दर्ज किया गया है
नईदुनिया प्रतिनिधि, नर्मदापुरम। जिले में नर्मदा नदी के रेत का विवाद खूनी होने लगा है। शुक्रवार-शनिवार की रात ठेका कंपनी के कर्मचारियों और रेत की अवैध खोदाई करने वालों के बीच विवाद हुआ। यह विवाद इतना बढ़ा कि अवैध खनन वालों ने रेत का ठेका लेने वाली कंपनी के कर्मचारी पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। पुलिस ने छह लोगों के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
थाने के सामने चढ़ाया ट्रेक्टर
बताया गया कि सिल्वर मिस्ट कंपनी को रेत खनन का ठेका मिला है। शुक्रवार-शनिवार की रात उसके कर्मचारियों ने अवैध ढुलाई कर रही ट्रॉलियों को डिवाइन सिटी के पास पकड़ा तो रेत की रायल्टी को लेकर विवाद हो गया। वहां से निकलकर ठेका कर्मचारी लौटने लगे तो अवैध खनन वालों ने उनका पीछा कर देहात थाने के सामने पकड़ लिया।
इस दौरान एक कर्मचारी अभिमन्यु सिंह को मारा पीटा और उसपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इसमें अभिमन्यु के पैर में गंभीर चोट आई है।
6 लोगों पर केस दर्ज
पुलिस ने शनिवार देर शाम ट्रैक्टर चालक रायपुर निवासी जितेंद्र उर्फ कलुआ कहार (19) सहित आकाश पांडेय, मोहित पासी, गोलू बरुआ, गोविंद गौर, और चंदू पासी पर हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया है।
देहात थाना प्रभारी ऊषा मरावी ने बताया कि ट्रैक्टर चालक जितेंद्र को गिरफ्तार कर टैक्टर-ट्राली भी जब्त की है। अन्य आरोपितों की तलाश हो रही है।