नर्मदापुरम में मंगलाचरण से शुरु हुआ दो दिवसीय नर्मदा जयंती महोत्सव का शुभारंभ
जनप्रतिनिधियों व जिला प्रशासन के अधिकारियों ने किया पूजन।
By Lalit Katariya
Edited By: Lalit Katariya
Publish Date: Mon, 07 Feb 2022 11:09:18 AM (IST)
Updated Date: Mon, 07 Feb 2022 05:56:23 PM (IST)

नर्मदापुरम( होशंगाबाद ), नवदुनिया प्रतिनिधि। नर्मदापुरम के सेठानीघाट से दो दिवसीय नर्मदा जयंती महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। मंगलचरण के साथ मां नर्मदा की आरती व पूजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधि जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। नर्मदा नित आरती समिति द्वारा सेठानीघाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के द्वारा मां नर्मदा का अभिषेक, नर्मदाष्टक का सामूहिक गान किया गया। सुरवाणी वीणापाणी संस्था द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी गई। सेठानीघाट पर सोमवार शाम को महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसमें भारी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी पूरे उत्साह के साथ भागीदारी करने की उम्मीद है।
नर्मदा जयंती महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह रहा। सुबह से ही लोगों का तांता नर्मदा घाटों पर लगा रहा। मंगलवार को मुख्य समारोह का आयोजन सेठानी घाट पर होगा। नित आरती समिति के संयोजक पंडित विनोद दुबे ने बताया कि सोमवार को पूजन अर्चना दिन भर किया जाएगा। मंगलवार को सुबह 9 बजे विभिन्न संस्थाओं द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। दोपहर 12 नजे नर्मदा का जन्मोत्सव पूजन किया जाएगा। साथ ही सामूहिक नर्मदाष्टक का पाठ किया जाएगा। दो दिवसीय महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन व नगरपालिका ने तैयारियां की हैं। नर्मदा घाटों पर आकर्षक साज सज्जा की गई है। फूल फुलवार तोरण द्वार से घाट सजाया गया है। मंगलाचरण के पूजन अवसर पर महंत प्रताप महाराज, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भवानी शंकर शर्मा, पूर्व विधायक गिरजा शंकर शर्मा, पूर्व नपा अध्यक्ष माया नारोलिया, राकेश फौजदार, तहसीलदार शैलेन्द्र बड़ोनिया, व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र चौकसे आदि मौजूद रहे।