
नईदुनिया न्यूज, नेपानगर। नेपा लिमिटेड के प्रशासनिक भवन स्थित जनसंपर्क कार्यालय की खिड़की पर बुधवार को करीब दस फीट लंबा घोड़ा पछाड़ सांप दिखाई देने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना मिलते ही सुरक्षा विभाग के जवान मौके पर पहुंचे और सर्प मित्र विनय बातव को बुलाया गया।
उन्होंने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू किया। बाद में सांप को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया। इसके बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
जनसंपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे ने बताया कि भोजन अवकाश के बाद वे हाथ धोने के लिए कार्यालय से बाहर गए थे। इसी दौरान आईटी विभाग के कर्मचारी उबैद उल्लाह अंसारी की नजर खिड़की पर चढ़ रहे सांप पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना अन्य कर्मचारियों को दी, जिसके बाद सुरक्षा विभाग को जानकारी दी गई।
ठाकरे ने कहा कि नेपा लिमिटेड की प्राकृतिक हरियाली और जैव-विविधता इसकी पहचान है। ऐसे में किसी सांप या वन्यजीव को नुकसान पहुंचाने के बजाय प्रशिक्षित व्यक्ति की निगरानी में उसका सुरक्षित रेस्क्यू कर प्राकृतिक आवास में छोड़ना प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता है।
भिंड शहर की हाउसिंग कॉलोनी स्थित शहीद चौक पर मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक के अंदर छिपा बैठा सांप का बच्चा अचानक निकलकर चालक के हाथ से लिपट गया। हाथ पर सपोला देखते ही बाइक चालक घबरा गया और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हालांकि घटना में बाइक चालक के घायल होने की जानकारी नहीं है।
उमरी क्षेत्र निवासी सचिन राजावत मंगलवार सुबह बाइक क्रमांक यूपी 93 सीइ 5130 से भिंड बाजार करने आए थे। शहीद चौक के पास बाइक चलाते समय अचानक उसके अंदर से सांप का बच्चा निकलकर सचिन के हाथ पर आकर लिपट गया। हाथ पर सांप को देखकर वह घबरा गए और बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इसके चलते बाइक सड़क पर गिर पड़ी।
यह भी पढ़ें- गूगल पर डाॅक्टर का नंबर तलाशना पड़ा महंगा, जबलपुर के सेवानिवृत्त कर्मी के खाते से 16.40 लाख रुपये उड़ाए