
जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। गूगल सर्च से मिले नंबर पर संपर्क करने के बाद साइबर ठगों ने उन्हें झांसे में लिया और उनके मोबाइल को हैक कर खाते से 16 लाख 40 हजार रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए। शिकायत पर विजय नगर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घड़ी चौक निवासी आशीष कुमार चक्रवर्ती (69) मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उनका खाता यूनियन बैंक आफ इंडिया की विजय नगर शाखा में है। पांच सितंबर को उन्हें स्किन एलर्जी होने पर उन्होंने गूगल पर चर्म रोग विशेषज्ञ का मोबाइल नंबर तलाशा। सर्च के दौरान मिले नंबर पर उन्होंने संपर्क किया।
फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने उन्हें व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा और उसमें आवश्यक जानकारी भरने के लिए कहा। इसके बाद 10 रुपये की टोकन राशि जमा करने को कहा गया। चक्रवर्ती ने 10 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए, लेकिन राशि जमा नहीं हो सकी।
बताया गया कि उनका अपॉइंटमेंट सात सितंबर को सुबह साढ़े दस बजे है। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर चक्रवर्ती ने पुलिस से शिकायत की। विजय नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर ठगी से जुड़े खातों और मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर दी है।
वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में विनोबाभावे वार्ड निवासी सुशीला गौड़ ने शिकायत देकर जमीन बेचने के नाम पर 9 लाख 60 हजार रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया। सुशीला ने बताया कि दो लोगों ने जमीन बेचने का भरोसा देकर उनसे रकम ले ली, लेकिन जमीन नहीं दी।
जनसुनवाई में मंगलवार को 50 से अधिक शिकायतें पहुंचीं। इनमें जमीन विवाद, पारिवारिक विवाद, रुपयों के लेनदेन और साइबर अपराध से जुड़े मामले शामिल रहे। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
यह भी पढ़ें- बीना में यार्ड रीमाॅडलिंग से जबलपुर की ट्रेनें प्रभावित, कई के बदले मार्ग; अक्टूबर में यात्रा से पहले जांच लें स्थिति