
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन गुरुवार को इंदौर और उज्जैन प्रवास पर रहेंगे। जनवरी 2026 में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी पहली प्रदेश यात्रा है। वे दोपहर करीब एक बजे एयरपोर्ट पर उतरेंगे। यहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष एयरपोर्ट से रैली के रूप में सुपर कारिडोर चौराहा स्थित मैदान पहुंचेंगे। वे यहां आयोजित स्वामित्व योजना कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए एयरपोर्ट से सुपर कारिडोर स्थित गांधीनगर चौराहा तक भगवा कारिडोर बनाया गया है। सड़क के दोनों ओर मंचों के माध्यम से स्वागत किया जाएगा।
भाजपा नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए रैली मार्ग को केसरिया पताकाओं और वंदनवारों से सजाया गया है। सड़क के दोनों ओर से भाजपा कार्यकर्ता पुष्प वर्षा कर स्वागत करेंगे। आयोजन में सभी मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भगवा साफों में तो महिला मोर्चा की सदस्य केसरिया वस्त्र पहनकर शामिल होंगी।
एयरपोर्ट से नितिन नबीन रथ पर सवार होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता रथ के आगे चलेंगे। एयरपोर्ट पर सांवेर और देपालपुर विधानसभा क्षेत्र के शहरी मंडल के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। इसके बाद क्रमवार विधानसभा क्षेत्र एक, दो, तीन और चार और पांच के कार्यकर्ता मंचों के माध्यम से स्वागत करेंगे। गांधी नगर-सुपर कारिडोर चौराहा पर राऊ विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करेंगे।
नितिन नबीन गांधीनगर चौराहा मैदान स्वामित्व योजना के अंतर्गत पंजीयन प्रक्रिया का शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उज्जैन के लिए रवाना होंगे। वे 18 सितंबर को प्रातः 4ः05 बजे उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होंगे। इसके बाद वे सुबह 9ः30 बजे उज्जैन से इंदौर के लिए रवाना होंगे और सुबह दस बजे इंदौर एयरपोर्ट से पंजाब के लिए रवाना होंगे।
यह भी पढ़ें- एमपी वालों के लिए बड़ी खुशखबरी... आज से 50 लाख ग्रामीणों को फ्री रजिस्ट्री, उज्जैन में जलेंगे 25 लाख दीये
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी 19 सितंबर को छह घंटे इंदौर में रहेंगे, रूट लंबा करने पर कांग्रेस-प्रशासन में ठनी