
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। खजराना क्षेत्र में दीपावली की रात रविवार को पुराने विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात में एक नाबालिग और उसके तीन साथी शामिल होना बताए जा रहे हैं। गंभीर हालत में परिजन युवक को निजी अस्पताल कोकिलाबेन लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने देर रात ही दो आरोपितों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
खजराना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रिजवान (18) पिता फारूक निवासी ताज नगर के रूप में हुई है। देर रात रिजवान का अपने दोस्तों के जन्मदिन मनाने के दौरान विवाद हो गया था। इसी दौरान आरोपितों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रिजवान को परिजन तत्काल कोकिलाबेन अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां रात करीब तीन बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। देर रात ही दो आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। वारदात में शामिल नाबालिग समेत अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- एमपी विधानसभा शीतकालीन सत्र में हंगामे के आसार, अवैध शराब और OBC आरक्षण पर स्थगन प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस