
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वाले लोगों को जिन अंडरपास और ओवरब्रिज से राहत मिलने की उम्मीद थी, वे अब तक अधूरे पड़े हैं। करीब 189 करोड़ रुपये की इस परियोजना का काम सात प्रमुख जंक्शनों पर होना है, लेकिन डेढ़ साल से अधिक समय बीतने के बाद भी निर्माण की रफ्तार बेहद धीमी है। कहीं सड़क की खुदाई करके काम छोड़ दिया गया है तो कहीं वाहन चालकों के लिए अस्थायी डायवर्जन बना दिए गए हैं।
ऐसे में हाईवे पर सफर करना लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बन रहा है। सबसे ज्यादा चिंता उन जगहों पर है, जहां डायवर्जन तो बना दिए गए हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। कई स्थानों पर संकेतक और चेतावनी बोर्ड भी ठीक से नजर नहीं आते।
अचानक रास्ता बदलने और संकरी सड़क के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि इन अधूरे डायवर्जन के कारण कई बार वाहन आपस में टकरा चुके हैं और छोटे-बड़े हादसे भी हुए हैं।
ठंड के मौसम में अधूरे डायवर्जन और निर्माण स्थलों पर दुर्घटना का खतरा और बढ़ सकता है। क्योंकि इन दिनों में कोहरा अधिक छाया रहता है, इस कारण हाईवे पर वाहन चलाना चालकों के लिए चुनौती रहता है, ऐसे में यदि जरा सी भी चूक हुई तो वाहन सीधा इस अधूरे डायवर्जन में गिरकर हादसे का शिकार हो सकते हैं।
ऐसे में जरूरी है कि एनएचएआई पहले सभी निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करे और जल्द से जल्द काम शुरू करवाए। लोगों की मांग है कि परियोजना को अब और लटकाने के बजाय समय सीमा तय कर निर्माण पूरा किया जाए। आखिर सवाल 189 करोड़ रुपये का ही नहीं, बल्कि रोज इस हाईवे से गुजरने वाले हजारों लोगों की जान की सुरक्षा का भी है।
इस परियोजना के तहत पीथमपुर, बेटमा, घाटाबिल्लोद, धार, चिकलिया, मांगोद फाटा, राजगढ़, कुक्षी जंक्शन पर अंडरपास, ग्रेड सेपरेटर और सर्विस रोड का निर्माण प्रस्तावित है। इन कार्यों के लिए पीथमपुर में 24.65 करोड़, बेटमा में 24.55 करोड़, घाटाबिल्लोद में 18.58 करोड़, धार में 24.70 करोड़, चिकलिया में 18.63 करोड़, मांगोद फाटा में 24.19 करोड़ और कुक्षी में 24.96 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। सिविल निर्माण की लागत करीब 160.26 करोड़ रुपये है, जबकि जीएसटी सहित कुल परियोजना की राशि लगभग 189 करोड़ रुपये है।
इन सातों जंक्शनों पर आए दिन यातायात का दबाव रहता है। वाहनों को सुरक्षित निकालने और सड़क पार करने वाले लोगों को राहत देने के लिए अंडरपास और ओवरब्रिज बनाने की योजना तैयार की गई थी। लोगों को उम्मीद थी कि निर्माण पूरा होने के बाद जाम और हादसों की आशंका कम होगी, लेकिन अधूरे काम ने परेशानी और बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें- शहडोल में व्यापारी की मौत के बाद चक्काजाम, ग्रामीणों ने रोके कोयला वाहन, सड़क पर बैठकर प्रदर्शन