
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। दूध व्यापारी को जमीन दिलाने के नाम पर तीन करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपितों ने 12 साल पुरानी पहचान का फायदा उठाकर कम दाम में भूखंड दिलाने का झांसा दिया। नकद और ऑनलाइन माध्यमों से रुपये लेने के बाद न जमीन का कब्जा दिया और न ही रजिस्ट्री कराई। जांच के बाद क्राइम ब्रांच ने रविवार रात चार आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारी के अनुसार फरियादी सतीश गुर्जर निवासी रूपराम नगर (जूनी इंदौर) दूध का व्यवसाय करते हैं। उनकी दुकान पर लगभग 12 साल से संजय दूध लेने आता था। पुरानी पहचान होने से संजय ने सतीश की मुलाकात साथी हरगुन आहूजा और संतोष सचदेवा से कराई।
क्राइम ब्रांच डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी के अनुसार साल 2022 में आरोपितों ने खुद को ‘यंग एंड ग्रो’ कंपनी का प्रोपराइटर बताते हुए सतीश को कम दाम पर पांच भूखंड दिलाने का झांसा दिया। इनका सौदा करीब 60 लाख रुपए में तय हुआ। इसके लिए सतीश ने नकद, यूपीआई और अन्य माध्यमों से रुपये दिए, लेकिन आरोपितों ने भूखंडों की रजिस्ट्री नहीं कराई। रजिस्ट्री टालने के बाद आरोपितों ने सतीश को महू के ग्राम सोनवाय स्थित रीगेन रीजेंसी में जमीन दिलाने का प्रस्ताव दिया।
इस सौदे में सतीश ने अपने साथी मुकेश को भी शामिल कर लिया। आरोपितों ने दोनों की मुलाकात परेश छेड़ा से कराई और 37 हजार से ज्यादा वर्गफीट जमीन का सौदा तय कराया। 17 जून को एक हजार रुपये के स्टाम्प पेपर पर जमीन का सौदा पांच करोड़ 63 लाख 17 हजार रुपये में तय हुआ। शुरुआत में एक करोड़ छह लाख रुपये नकद लिए गए। इसके बाद कॉलोनी के विकास, सरकारी अनुमतियों और न्यायालयीन व्यवस्थाओं का हवाला देकर अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन माध्यम से 91 लाख रुपये और लिए गए। आरोपितों ने अलग-अलग कुल तीन करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपये ले लिए।
पूरी राशि देने के बाद सतीश ने आरोपितों पर रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाया, लेकिन वे टालमटोल करने लगे। शंका होने पर सतीश अपने साथी मुकेश के साथ रीगेन रीजेंसी पहुंचे। वहां उन्हें ‘कृषि डेवलपर्स’ का बोर्ड लगा मिला और निर्माण कार्य चलता दिखाई दिया। पड़ताल करने पर पता चला कि जिस जमीन का सौदा आरोपितों ने किया था, वह रितेश बंसल की है। जांच में सामने आया कि आरोपित परेश छेड़ा की पहचान से जुड़े आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज अलग-अलग और फर्जी थे।
यह भी पढ़ें- एमपी में गजब का फर्जीवाड़ा... सरकारी अधिकारी बनने के लिए बनाया फर्जी नियुक्ति पत्र, सुरक्षा व हवाई यात्रा भी जोड़ी
ठगी का अहसास होने पर सतीश ने कोर्ट के माध्यम से आरोपितों को नोटिस भिजवाए और क्राइम ब्रांच में शिकायत की। दस्तावेजों की जांच के बाद क्राइम ब्रांच ने रविवार रात संजय, हरगुन आहूजा, संतोष सचदेवा और परेश छेड़ा के विरुद्ध धोखाधड़ी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।