
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : देवगुराड़िया में एक खाली जमीन पर खड़े दो कंटेनरों से करीब तीन हजार पेटी संदिग्ध अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। पेटियों पर रॉयल गोवा लिखा था, लेकिन अंदर रखी 180 एमएल की बोतलों पर न लेबल था, न होलोग्राम। डीजीजीआई और आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई कर शराब सहित दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
दोनों कंटेनरों की जांच में इंदौर पासिंग नंबर मिला। इसी नंबर प्लेट के नीचे नागालैंड की नंबर प्लेट भी लगी थी। इससे वाहनों के पंजीयन और नंबर प्लेट की वैधता पर संदेह गहरा गया है। अब आरटीओ से दोनों वाहनों की जानकारी जुटाकर वाहन स्वामी की तलाश की जाएगी।
विभाग शनिवार से रात में प्रमुख चेकिंग पाइंट पर जांच कर रहा है। आशंका है कि चेकिंग से बचने के लिए चालक कंटेनरों को देवगुराड़िया में खड़ा कर चले गए हों। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। जब्त शराब को महू स्थित आबकारी गोदाम पहुंचाया गया।
डिप्टी कंट्रोल मनोज अग्रवाल ने बताया कि पेटियां खोलकर जांच की गई तो बोतलों पर लेबल और होलोग्राम नहीं मिले। कुछ पेटियों में एक-दो लेबल अलग से पड़े मिले। बोतलों के ढक्कनों पर काशीपुर बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड लिखा है। हालांकि इससे शराब की वास्तविक कंपनी और उसके स्रोत की पुष्टि नहीं हुई है। विभाग शराब की गुणवत्ता की जांच भी कराएगा, ताकि पता चल सके कि यह पीने योग्य है या नहीं।
शराब के स्रोत और उसके मालिक का पता लगाने के लिए आसपास के मार्गों पर करीब 200 किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जाएंगे। इससे कंटेनरों के आने का रास्ता और उनकी आवाजाही की जानकारी जुटाने की कोशिश होगी। - अभिषेक तिवारी, सहायक आयुक्त आबकारी
अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर कार्रवाई की जा रही है। दो कंटेनरों में तीन हजार पेटी अवैध शराब पकड़ी गई है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। - शिवम वर्मा, कलेक्टर
यह भी पढ़ें- भोपाल में केरवा डैम रोड और इंदौर हाईवे पर एक्शन; रूफटॉप कैफे से लाखों की शराब जब्त; 2 तस्कर भी गिरफ्तार