
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर की सड़कों से धूल उठाने पर निगम इस वित्तीय वर्ष में करीब 38 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इस काम के लिए निगम 30 स्वीपिंग मशीनें किराए पर लेने जा रहा है। इसके लिए टेंडर जारी हो गया है। एजेंसी का फैसला अप्रैल के तीसरे सप्ताह तक हो जाएगा। जब तक नई एजेंसी तय नहीं हो जाती तब तक पुरानी एजेंसी काम करती रहेगी। बायपास, मुख्य मार्ग, रिंगरोड इत्यादि जगह नगर निगम सड़कों की सफाई स्वीपिंग मशीनों के माध्यम से कराता है।
वर्तमान में छोटी-बड़ी दो दर्जन से ज्यादा स्वीपिंग मशीनें शहर में चल रही हैं। बाहरी क्षेत्र में दिन के समय और शहर में शहर में रात के समय ये मशीनें काम करती हैं। जिस एजेंसी के पास वर्तमान में स्वीपिंग मशीनों का ठेका है उसका ठेका समाप्त हो गया है। यही वजह है कि निगम ने नए सिरे से टेंडर जारी कर दिए हैं। शर्तों के मुताबिक यह ठेका पांच वर्ष के लिए रहेगा। निगम ने इस बार स्वीपिंग मशीनों की संख्या ढाई दर्जन कर दी है।
यह भी पढ़ें- MP में अब 24 घंटे में मिलेगी पाइपलाइन बिछाने की अनुमति, 5 दिन में देना होगा PNG कनेक्शन, सरकार ने दिए सख्त निर्देश
सड़कों की सफाई के साथ-साथ निगम फायर ब्रिगेड के लिए भी सामग्री खरीदने जा रहा है। इसके लिए निविदाएं आमंत्रित कर ली गई हैं। डीसीपी टाइप निगम अग्निशमन यंत्र, कार्बन डायऑक्साइड टाइप अग्निशमन यंत्र, गमबूट, फायर हेलमेट, हाई प्रेशर ब्रेथिंग एयर कंप्रेशर खरीदने जा रहा है।