_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : राजस्व वसूली और प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पर कार्रवाई के बीच कलेक्टर शिवम वर्मा ने जिले में प्रशासनिक फेरबदल किया है। महू के एसडीएम राकेश परमार को मौजूदा जिम्मेदारियों से हटाया गया है। फिलहाल उन्हें कोई काम नहीं दिया है।
उनके स्थान पर विनोद राठौर अब नए एसडीएम होंगे। बिचौली के एसडीएम अजय भूषण शुक्ला से भी यह जिम्मेदारी लेकर संयुक्त कलेक्टर रोशनी पाटीदार को बिचौली हप्सी का एसडीएम बनाया है। शुक्ला को जिला शहरी विकास अभिकरण में प्रभारी परियोजना अधिकारी सहित अन्य काम दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक 24 अक्टूबर की राजस्व अधिकारियों की बैठक में सामने आई कमियों के आधार पर यह फेरबदल हुआ है।
| नाम | वर्तमान | नई पदस्थापना |
| सपना शर्मा | सत्कार शाखा | तहसीलदार, जूनी इंदौर |
| योगेंद्र सिंह राठौर | भू-अभिलेख शाखा | नायब तहसीलदार, जूनी इंदौर |
| राकेश सस्तिया | तहसीलदार, जूनी इंदौर | सत्कार शाखा |
| अशोक परमार | नायब तहसीलदार, जूनी इंदौर | भू-अभिलेख शाखा |
| राजेश सोनी | सावेर अपर तहसीलदार | खुड़ैल |
| योगेश भैरावम | अपर तहसीलदार, खुड़ैल | तहसीलदार, देपालपुर |
| नागेंद्र त्रिपाठी | नायब तहसीलदार, देपालपुर | सावेर टप्पा शिप्रा |
| विकास रघुवंशी | सावेर टप्पा शिप्रा | तहसीलदार, बिचौली हप्सी |
| अनिल पटेल | बिचौली | तहसीलदार, खुड़ैल |
| यशदीप रावत | महू टप्पा सिमरोल | शिकायत शाखा |
| अखिलेश कुमार | शिकायत शाखा | नायब तहसीलदार, महू टप्पा सिमरोल |
महू तहसीलदार विवेक सोनी को राजस्व वसूली में कम प्रगति पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सांवेर के टप्पा चंद्रावतीगंज के नायब तहसीलदार चौखालाल टांक का दो दिन का वेतन काटने के आदेश दिए हैं। हातोद की तहसीलदार संगीता गोलिया और नायब तहसीलदार नीरज प्रजापति को भी न्यायिक प्रकरणों के निराकरण में अनियमितताओं पर नोटिस जारी किए हैं।
24 अक्टूबर को हुई राजस्व अधिकारियों की बैठक में कार्यों की समीक्षा के दौरान सामने आए मामलों के आधार पर ये कार्रवाई की गई है। महू तहसीलदार विवेक सोनी को दिए नोटिस के मुताबिक वित्त वर्ष 2026-27 में जिले के लिए 145 करोड़ रुपए की राजस्व वसूली का लक्ष्य तय किया गया है। इसमें महू तहसील को 10 करोड़ 87 लाख का लक्ष्य दिया था। इसके मुकाबले अब तक केवल 32.30 लाख की वसूली दर्ज हुई। नोटिस में वसूली की कम प्रगति और पोर्टल पर डेटा अपडेट नहीं करने को लेकर तीन दिन में जवाब मांगा है।
हातोद के नायब तहसीलदार नीरज प्रजापति को ग्राम पितावली के एक मामले में आवेदक को सुनवाई का अवसर दिए बिना प्रकरण निरस्त करने पर नोटिस जारी किया है। दस्तावेज पेश नहीं करने के आधार पर प्रकरण निरस्त किया, जबकि आवेदक को सुनवाई का अवसर नहीं दिया गया। इसे मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता, 1959 के प्रावधानों के विपरीत माना गया। हातोद की तहसीलदार संगीता गोलिया को ग्राम मोहम्मदपुर के साइबर प्रकरण में आवेदन निरस्त करने की प्रक्रिया को लेकर नोटिस दिया है।
राऊ तहसील के 230 प्रकरण कलेक्टर लॉगिन पर पेंडिंग हैं। इनमें भू-अभिलेख सुधार, भूखंड निरस्त करने और भूखंड जोड़ने से जुड़े मामले शामिल हैं। इन केस से जुड़ी फाइलें कलेक्टर कार्यालय में नहीं दी गई। इस पर कलेक्टर के निर्देश पर राऊ एसडीएम को पत्र जारी कर लंबित मामलों की मूल फाइलें देने के निर्देश दिए हैं। पत्र के अनुसार, वेब जीआईएस 2.0 एमपी भू-अभिलेख पोर्टल पर लंबित 230 प्रकरणों में से 135 भूखंड जोड़े जाने, 36 निजी भू-अभिलेख सुधार, 32 भूखंड निरस्त करने और 27 शासकीय भू-अभिलेख सुधार से संबंधित हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी में 5 IAS अधिकारियों का तबादला, सागर, देवास और सिवनी को मिले नए कलेक्टर; आदेश जारी