
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सर्दियों के त्योहारी सीजन में ट्रेनों में उमड़ने वाली अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। रेलवे प्रशासन ने रतलाम मंडल से गुजरते हुए उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रमुख शहरों के लिए छह विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।
इनमें से डॉ. आंबेडकर नगर से गोरखपुर के बीच चलने वाली विशेष गाड़ी इंदौर स्टेशन होते हुए अपने गंतव्य तक जाएगी, जबकि बाकी ट्रेनों का सीधा फायदा रतलाम, उज्जैन, नागदा और दाहोद के मुसाफिरों को मिलेगा।
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के मुताबिक, इन विशेष ट्रेनों की आवाजाही 22 नवंबर से विभिन्न तिथियों पर प्रारंभ हो रही है। इनके संचालन से गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, आजमगढ़, मुजफ्फरपुर, रक्सौल, बरौनी और समस्तीपुर की यात्रा करने वाले लोगों को कंफर्म टिकट और सफर का अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध हो सकेगा।
गाड़ी संख्या 09327 डॉ. आंबेडकर नगर-गोरखपुर स्पेशल 22 नवंबर को शाम 6:00 बजे डॉ. आंबेडकर नगर से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन शाम 6:30 बजे इंदौर स्टेशन पहुंचेगी और दस मिनट के ठहराव के बाद 6:40 बजे आगे बढ़ेगी। फतेहाबाद चंद्रावतीगंज और उज्जैन के रास्ते यह गाड़ी मंगलवार रात 1:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
गाड़ी संख्या 09459 अहमदाबाद-बरौनी स्पेशल 22 नवंबर को तड़के 1:00 बजे अहमदाबाद से चलेगी। यह सुबह 6:50 बजे रतलाम तथा 7:48 बजे नागदा स्टेशन पहुंचेगी और अगले दिन रात 8:00 बजे बरौनी पहुंचेगी।
इसके अतिरिक्त, गाड़ी संख्या 05226 अहमदाबाद-बरौनी स्पेशल 24 नवंबर को दोपहर 1:00 बजे अहमदाबाद से रवाना होकर दाहोद, रतलाम, नागदा व उज्जैन के रास्ते गुरुवार तड़के 3:00 बजे बरौनी पहुंचेगी।
गाड़ी संख्या 09171 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल 22 नवंबर को सुबह 4:30 बजे बांद्रा से प्रस्थान करेगी, जो दोपहर 2:30 बजे रतलाम और 3:23 बजे नागदा पहुंचेगी।
इसी कड़ी में गाड़ी संख्या 09137 वलसाड-रक्सौल स्पेशल 22 नवंबर को रात 10:20 बजे वलसाड से चलकर अगले दिन सुबह 5:25 बजे रतलाम और 6:53 बजे नागदा स्टेशन पर ठहराव लेगी।
गाड़ी संख्या 05018 उधना-गोरखपुर स्पेशल 23 नवंबर को दोपहर 3:00 बजे उधना से रवाना होगी। यह ट्रेन रात 9:28 बजे रतलाम एवं 10:23 बजे नागदा होते हुए अगले दिन रात 8:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं, वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 05017 गोरखपुर-उधना स्पेशल 22 नवंबर को सुबह 7:35 बजे गोरखपुर से अपनी यात्रा शुरू करेगी।
यह भी पढ़ें- नर्मदा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 की मौके पर ही मौत, 30 से अधिक घायल