
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। गौरझामर थाना क्षेत्र में नीम घाटी के पास फोरलेन पर रविवार दोपहर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ट्राली के नीचे दबे लोगों को वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, सागर जिले की बंदरी तहसील के ग्राम गढ़ौला गोसाई से श्रद्धालु शनिवार को ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर नर्मदा स्नान के लिए बरमान गए थे। रविवार को स्नान के बाद सभी लोग वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गौरझामर थाना क्षेत्र की नीम घाटी के पास फोरलेन पर ट्रैक्टर-ट्राली अचानक पलट गई। ट्राली में करीब तीन दर्जन महिला, पुरुष और बच्चे सवार थे।
यह भी पढ़ें- बदनावर में 8 करोड़ से बनेगा अंडरपास, लेकिन पिटगारा-धार फांटा का काम 3 साल से अटका
हादसे में रक्षा प्रजापति, प्रेमरानी यादव और राकेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इनमें कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और ट्राली के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।