
डिजिटल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल एवं स्पीति में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। मध्य प्रदेश के इंदौर से शैक्षणिक व पर्यटन भ्रमण पर पहुंचे स्कूली विद्यार्थियों और उनके शिक्षक का टेंपो ट्रैवलर सोमवार को कोकसर क्षेत्र में अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया।
हादसे के वक्त वाहन में 11 बच्चे, एक शिक्षक और चालक मौजूद थे। दुर्घटना में शिक्षक समेत 7 विद्यार्थी चोटिल हुए हैं। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ और सभी सुरक्षित हैं।
इंदौर के 11 बच्चे सड़क हादसे का शिकार... हिमाचल में खाई में गिरा वाहन, शिक्षक सहित 7 विद्यार्थी घायल https://t.co/5HsEkw92rp
— NaiDunia (@Nai_Dunia) November 2, 2026
केलांग स्थित पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के.डी. शर्मा के अनुसार, पुलिस चौकी कोकसर को सूचना मिली थी कि गर्ग एंड गर्ग प्लांट के समीप हिमाचल नंबर (HP 01K 9878) का एक टेंपो ट्रैवलर बेकाबू होकर पलट गया है। यह दल मनाली से रोहतांग दर्रे का भ्रमण करते हुए कोकसर के रास्ते अटल टनल की तरफ बढ़ रहा था। इसी दौरान तकनीकी खराबी या संतुलन बिगड़ने के चलते वाहन मुख्य मार्ग से नीचे उतरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही कोकसर पुलिस की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों और शिक्षक को सुरक्षित बाहर निकाला। मामूली व सामान्य रूप से घायल हुए बच्चों और शिक्षक को तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) सिस्सू तथा मनाली के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण (MLC) करा लिया गया है।
हादसे के बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर दुर्घटना के मूल कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। कोकसर पुलिस चौकी प्रभारी सहायक उप-निरीक्षक (ASI) श्याम लाल द्वारा मौके का मुआयना कर आवश्यक विधिक व कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें- देवास TI हत्याकांड: बलिदानी दिलीप पुरी परिजनों ने उठाई CBI जांच, शराब तस्करी रोकने में गई जान