
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पुलिस कमिश्नर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय भावुक माहौल बन गया, जब 90 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला अकेले अपनी शिकायत लेकर पहुंचीं। महिला ने पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह को बताया कि उनके बेटे और पोते उनकी देखभाल नहीं करते और उन्हें प्रताड़ित करते हैं।
जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) मयंक अवस्थी सहित सभी जोन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आवेदकों की शिकायतें सुनकर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
कमिश्नर ने दिए कार्रवाई के निर्देश
जूनी इंदौर थाना क्षेत्र से पहुंची बुजुर्ग महिला ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि बेटे और पोते उन्हें परेशान करते हैं तथा उनकी देखभाल नहीं करते। अपनी बात बताते-बताते महिला भावुक हो गईं।
पुलिस ने क्या कहा इसको लेकर
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने तत्काल जूनी इंदौर क्षेत्र के एसीपी विजय चौधरी को बुलाकर मामले में परिवार की काउंसलिंग कराने और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सुनवाई के बाद एसीपी ने पुलिस वाहन से बुजुर्ग महिला को सुरक्षित उनके घर भी भिजवाया।