
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित आरआर कैट के मुख्य प्रवेश द्वार पर रविवार देर रात एक कार चालक ने इलेक्ट्रानिक बूम बैरियर तोड़कर जबरन परिसर में प्रवेश कर लिया। घटना में शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका उपचार चल रहा है।
राजेंद्र नगर पुलिस ने आरआर कैट निवासी वसंत कुमार कुमरे की शिकायत पर कार नं. एमपी-09/सीएस-8622 के चालक सारिम जफर मंसूरी निवासी ग्रीन पार्क कालोनी के खिलाफ शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने सहित अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब 12:30 बजे कैट चौराहे पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस जांच से बचने के प्रयास में सारिम अपनी कार लेकर सीधे आरआर कैट परिसर की ओर पहुंचा और मुख्य प्रवेश द्वार पर लगे इलेक्ट्रानिक बूम बैरियर को तोड़ते हुए अंदर घुस गया। बैरियर टूटने से शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
घटना के बाद आरआर कैट के सुरक्षा गार्ड कार के पीछे दौड़े। कुछ दूरी पर चालक ने वाहन रोक दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। थाने में पूछताछ के दौरान सारिम पुलिस के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने उसके मोबाइल से परिवार से संपर्क किया। परिजनों ने बताया कि सारिम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका इलाज चल रहा है। इसी कारण परिवार उसे कोई काम भी नहीं करने देता। परिजनों ने उपचार संबंधी दस्तावेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए।
राजेंद्र नगर टीआई यशवंत बड़ोले ने परिजनों को फटकार लगाते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है तो उसे देर रात वाहन चलाने के लिए नहीं छोड़ना चाहिए। इससे बड़ा हादसा भी हो सकता था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Indore Metro Train: इंदौर शहर में कैट, रणजीत हनुमान रोड और राजेंद्र नगर क्षेत्र में भी चलेगी मेट्रो