
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : वार्ड 66 से भाजपा पार्षद कंचन गिदवानी को कांग्रेस के वार्ड अध्यक्ष बंधन शुक्ला ने जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध बीएनएस की धारा 126(2), 296 (b) ,351(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपित को धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की है। पार्षद गिदवानी ने पुलिस को बताया कि भाजपा के अशोक शिरोडकर को वार्ड संयोजक बनाए जाने पर वे पार्टी के अन्य पदाधिकारियों के साथ महू नाका स्थित लक्ष्मण गौड़ की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने जा रही थी कि उसी वक्त शिव मंदिर के पास लालबाग लाईन में आरोपित बंधन शुक्ला उर्फ गुरू ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोपित ने पार्षद के साथ अश्लील गाली गलौच की और बोला कि तूने आज तक कोई काम नहीं किया है। यहां दिखी तो ठीक नही होगा। इधर दोबारा आई तो तूझे जान से खत्म कर दूगां। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या मेें एकत्रित होकर पुलिस थाने पहुंच गए। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
भाजपा के नेताओं ने पार्टी की वरिष्ठ महिला पार्षद के साथ बदसलूकी और उन्हें जान से मारने की धमकी की घटना की निंदा की है। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस के बंधन शुक्ला एवं उनके सहयोगियों ने मातृशक्ति और वरिष्ठ महिला जनप्रतिनिधि के प्रति जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, वह किसी भी दृष्टि से स्वीकार्य नहीं है।
राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन महिलाओं के सम्मान और गरिमा के साथ समझौता किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। सार्वजनिक जीवन में महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व को इस घटना का संज्ञान लेकर संबंधित लोगों से जवाब तलब करना चाहिए तथा उचित कार्रवाई करनी चाहिए।