
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू : किशनगंज थाना क्षेत्र के विश्वास नगर में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी द्वारा पति की मोगरी से पिटाई कर हत्या करने का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि व्यक्ति की मौत पिटाई के कारण हुई है। जिसके बाद पुलिस ने पत्नी पर हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही महिला को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
किशनगंज पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कालू मुवेल (32) निवासी जुबेदा मस्जिद के पास, विश्वास नगर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से लुन्हेरा जिला धार का निवासी गया है। पुलिस के मुताबिक कालू और पत्नी पत्नी सपना मुवेल (28) का झगड़ा हो गया था। जिसके बाद कालू दो दिन तक घर नहीं जाते हुए श्रीनाथ कॉलोनी स्थित अपनी बहन के घर चला गया।
18 को कालू घर पहुंचा तो पत्नी सपना उससे नाराज हो गई और विवाद शुरू हो गया। सपना का कहना था कि घर में खाने का इंतजाम नहीं है और गैस टंकी भी खत्म हो चुकी है। इसके बावजूद कालू शराब पीने के लिए पैसे का इंतजाम कर लेता है, लेकिन गृहस्थी चलाने के लिए उसके पास पैसे नहीं रहते। घटना के दिन भी कालू शराब पीकर घर आया था।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि आक्रोशित सपना ने मोगरी उठा ली और कालू पर हमला कर दिया। सपना ने कालू को मोगरी से बेरहमी से पीटा, जिससे उसके सीने, पैरों और जांघ के ऊपरी हिस्से में चोटें आईं। गंभीर चोट लगने के बाद कालू बेहोश हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद सपना ने अपने स्वजनों को सूचना दी। उसने अपनी ननद को फोन कर कहा कि उसने उसके भाई को आज सबक सिखा दिया है। इधर कालू की मौत के बाद पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मामले की परिस्थितियों को लेकर संदेह होने पर पुलिस ने स्वजनों और संबंधित लोगों के बयान लिए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कालू के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच की। किशनगंज थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि जांच के आधार पर किशनगंज पुलिस ने सपना मुवेल के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई मोगरी भी जब्त की है। शुक्रवार को आरोपित महिला को न्यायालय में पेश किया वहां से उसे जेल भेज दिया।
यह भी पढ़ें- पत्नी ने की शराबी पति की हत्या, पहले हथौड़ी से सिर पर किए वार फिर दबाया गला, नशे में रोजाना करता था मारपीट