
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : यार्न (धागे) के कारोबार में करोड़ों रुपये का माल लेने के बाद भुगतान नहीं करने के आरोप में क्राइम ब्रांच पुलिस ने महाराष्ट्र के कारोबारी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार इंदौर की वृद्धि काटेक्स फर्म से कारोबारी ने करीब 5 करोड़ 53 लाख 10 हजार 412 रुपये का माल लिया, लेकिन भुगतान के नाम पर लगातार आश्वासन देता रहा। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद कारोबारी इरशाद खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 316(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक शिकायत फर्म संचालक वरुण मित्तल ने की है। उनकी फर्म यार्न ट्रेडिंग का काम करती है। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2022 में महाराष्ट्र के अकोला स्थित आरके कॉटेक्स के प्रोपराइटर इरशाद खान ने उनकी फर्म से संपर्क किया था। शुरुआत में दोनों के बीच व्यापारिक लेन-देन समय पर होता रहा। इसी भरोसे के चलते इरशाद को बड़े पैमाने पर माल दिया जाने लगा।
शिकायत के अनुसार 18 जून 2024 को इरशाद ने करीब 22.88 लाख रुपये के माल का भुगतान नहीं किया। इसके बाद लगातार तकादा किया गया। 15 मार्च 2025 को उसने करीब 4.11 करोड़ रुपये का भुगतान किया, लेकिन इसके बाद भी बड़ी रकम बकाया रह गई। बाद में मार्च 2025 में ही करीब 23.50 लाख रुपये का और भुगतान किया गया। इसके बावजूद पूरा हिसाब साफ नहीं हुआ।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बकाया भुगतान के लिए इरशाद से लगातार संपर्क किया गया, लेकिन वह हर बार आश्वासन देता रहा। बाद में उसने बकाया रकम के बदले महाराष्ट्र के अकोला स्थित जमीन देने की बात कही।
शिकायत के मुताबिक इरशाद ने अकोला जिले के एक गांव में स्थित करीब 1.59 हेक्टेयर जमीन को बकाया रकम के बदले देने की बात कही। इस संबंध में दोनों पक्षों के बीच सौदा चिट्ठी भी कराई गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि भरोसे के चलते जमीन के सौदे के बावजूद इरशाद से कारोबारी लेन-देन जारी रखा गया।
इसी दौरान शिकायतकर्ता और अकोला के एक अन्य व्यापारी जयप्रकाश लोकटिया से भी माल लिया गया। शिकायत में करीब 1.41 करोड़ रुपये के माल का भुगतान रोकने का आरोप है। बाद में जिस जमीन को बकाया रकम के बदले देने की बात कही गई थी, उसके संबंध में भी विवाद खड़ा हो गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुराने बकाये और बाद के व्यापारिक लेन-देन को मिलाकर इरशाद ने उसकी फर्म की करीब 5,53,10,412 रुपये की रकम का भुगतान नहीं किया। लगातार संपर्क के बावजूद भुगतान नहीं होने पर पुलिस में शिकायत की गई।
यह भी पढ़ें- करेंसी एक्सचेंज के नाम पर 5 लाख की ठगी; राजगढ़ पुलिस ने किया अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार