
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : पति ने दहेज के लिए पत्नी को इतना प्रताड़ित किया कि परेशान होकर उसने शादी के कुछ माह बाद ही आत्महत्या कर ली। विशेष न्यायाधीश अनीता सिंह ने पत्नी को प्रताड़ित करने वाले पति विशाल नरवारे को दस साल कारावास की सजा सुनाई है।
अपर लोक अभियोजक जयंत दुबे ने बताया कि रेनू और विशाल का विवाह 22 फरवरी 2023 को झांसी में हुआ था। विवाह के बाद से ही विशाल पत्नी के साथ मारपीट करता था और मायके से पैसा लाने के लिए प्रताड़ित करता था। रेनू की मां ने उसे एक लाख 70 हजार रुपये दिए भी थे।
इसके अलावा उसने मां के नाम से बैंक से तीन लाख रुपये कर्ज लिया था। यह राशि विशाल ने ले ली थी। 6 जुलाई 2024 को रेनू गंभीर रूप से जली हालत में अस्पताल पहुंची। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में जांच के बाद पति को दहेज के लिए प्रताड़ित करने के मामले में आरोपित बनाकर चालान पेश किया।
कोर्ट ने अपने फैसले में माना कि रेनू ने पति की मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या की। कोर्ट ने यह भी पाया कि दहेज की मांग और प्रताड़ना का उसकी मौत से निकट संबंध था। कोर्ट ने पति को दोषी पाते हुए उसे 10 साल कारावास की सजा सुनाई।
इंदौर। कनाड़िया पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपित को देशी कट्टा के साथ पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक आरोपित का नाम दीप उर्फ दीपराज खेड़े है। आरोपित को बिचौली हप्सी क्षेत्र से पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक पुलिस हाट स्पाट की जांच कर रही थी। इसी दौरान अरावली परिसर निवासी दीपराज पुत्र रामेश्वर खेड़े की तलाशी ली और देशी कट्टा बरामद कर लिया।
यह भी पढ़ें- खरगोन में विधवा से बर्बरता, सरपंच पर घसीटकर पीटने व अश्लील हरकत का आरोप, निर्वस्त्र करने और जान से मारने की दी धमकी